BNT Desk: बिहार के कैमूर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुसौली गोला इलाके में अपराधियों ने बेखौफ होकर एक 25 वर्षीय युवक की घर से बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए घंटों तक नेशनल हाईवे (NH) और रेलमार्ग को बाधित रखा।
डीजे सट्टा करने के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
मृतक की पहचान राजा साह (25 वर्ष), पिता राम निवास साह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना 17 मार्च की रात करीब 10:30 बजे की है। कुछ लोग राजा के घर पहुंचे और ‘डीजे सट्टा’ (बुकिंग) करने के बहाने उसे बाहर बुलाया। जैसे ही राजा घर से बाहर निकला, घात लगाए अपराधियों ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि हमलावर उसे घसीटते हुए और मारपीट करते हुए रेलवे स्टेशन के पास ले गए, जहाँ उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
परिजनों पर भी जानलेवा हमला, बहन को मिली धमकी
घटना की जानकारी मिलते ही जब राजा के पिता और छोटा भाई मौके पर पहुँचे, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। राम निवास साह ने बताया कि अपराधियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिसके कारण वे चाहकर भी अपने बेटे को बचा नहीं सके। मृतक की बहन ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों ने उसे अगवा करने की धमकी दी थी। चौंकाने वाली बात यह है कि मरने से पहले राजा ने अपने बयान में हमलावरों के नाम उजागर किए थे।
सड़क से रेलमार्ग तक भारी बवाल, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
वारदात के बाद सुबह होते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने राजा का शव पुसौली NH और पास के रेलमार्ग पर रखकर जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इलाके में पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है और अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ।
डीएसपी का आश्वासन: 4 गिरफ्तार, 11 की तलाश जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाकर जाम खुलवाया। डीएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल 15 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष 11 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।