BNT Desk: पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। एक ओर जहां एसएसपी की क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों के बीच मंथन चल रहा था, वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के ज्योतिषी पथ की है। मंगलवार देर रात अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर शुभम यादव पर लगातार चार गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था शुभम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुभम यादव मंगलवार देर रात पैदल ही मोबाइल फोन पर बात करते हुए जा रहा था। इसी दौरान अपाची बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे।बाइक सवार बदमाशों ने शुभम को निशाना बनाया और लगातार चार गोलियां दाग दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी सदर-2 भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
CCTV कैमरे में कैद हुई वारदात
पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग की पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर बाइक सवार दोनों अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
जमीन कारोबार से जुड़े विवाद की भी जांच
फिलहाल शुभम यादव पर हमला करने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस जमीन कारोबार से जुड़े विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़े होने के कारण पुलिस उसके पुराने विवाद, कारोबारी लेन-देन और परिचितों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों ने शुभम को पहले से निशाना बनाया था या घटना के पीछे कोई तत्काल विवाद था।
अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
चार गोलियां लगने के बाद प्रॉपर्टी डीलर की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अस्पताल में उसके बयान लेने की भी कोशिश कर रही है, ताकि हमले के पीछे की वजह और आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। SSP की क्राइम मीटिंग के दौरान हुई इस फायरिंग ने शहर में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की चुनौती को एक बार फिर सामने ला दिया है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करना है।