विजय चौधरी का तेजस्वी यादव पर तीखा हमला: ‘महिलाओं का रास्ता न रोकें, NDA की तीसरी पीढ़ी भी करेगी राज’

BiharNewsAuthor
4 Min Read

BNT Desk: बिहार विधानसभा में बहुमत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने विपक्ष, विशेषकर तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महिला आरक्षण से लेकर शराबबंदी कानून और नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत तक कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। विजय चौधरी ने साफ शब्दों में कहा कि विपक्ष को विकास और महिला सशक्तिकरण की राह में रोड़ा नहीं बनना चाहिए।

नारी शक्ति पर वार: ‘विपक्ष न रोके महिलाओं का रास्ता’

विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने तेजस्वी यादव और विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को रोकने की कोशिश की है।

“प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं को सशक्त बनाना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष ने हमेशा उनके रास्ते में बाधाएं डाली हैं। अब देश की महिलाएं इस अपमान का जवाब आने वाले समय में खुद देंगी।”

शराबबंदी पर सफाई: ‘कानून फेल नहीं, कार्रवाई जारी है’

बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि यह कानून सदन के सभी सदस्यों की सहमति से बना था। उन्होंने इसे ‘मद्य निषेध कानून’ बताते हुए कहा कि कुछ लोग साजिश के तहत इसे बदनाम कर रहे हैं।

  • सख्ती का दावा: शराब पीने वाले, इसका भंडारण करने वाले और बेचने वालों पर लगातार कार्रवाई हो रही है।

  • विपक्ष पर तंज: विजय चौधरी ने कहा कि जब कार्रवाई हो रही है और लोग जेल जा रहे हैं, तो यह कहना कि कानून फेल है, बिल्कुल गलत है।

  • संदेहास्पद मौतें: उन्होंने दुख जताया कि किसी भी कारण से होने वाली संदेहास्पद मौत को विपक्ष तुरंत ‘जहरीली शराब’ से जोड़कर राजनीति करने लगता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि शराबबंदी कानून बिहार में मजबूती से जारी रहेगा।

नीतीश कुमार की विरासत: ‘आने वाली पीढ़ियां करेंगी गर्व’

विजय चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति में एक ऐसा मानक स्थापित किया है, जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार एक ऐसे विरले नेता हैं जिन्होंने सत्ता के शीर्ष पर रहकर यह महसूस किया कि अब नई पीढ़ी को मौका मिलना चाहिए। चौधरी के अनुसार, नीतीश कुमार ने जो इतिहास रचा है, उसे देखकर भविष्य के राजनेताओं को ईर्ष्या होगी। उन्होंने संकल्प लिया कि पूरी सरकार नीतीश कुमार की नीतियों और उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते पर ही आगे बढ़ेगी।

तेजस्वी यादव को नसीहत: ‘जनता का भरोसा जीतिए’

तेजस्वी यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए विजय चौधरी ने कहा कि तेजस्वी को इस बात का मलाल है कि एनडीए की सरकारें बार-बार आ रही हैं और उन्हें मौका नहीं मिल रहा है।

उन्होंने तेजस्वी को सीधा संदेश देते हुए कहा:

“अगर आपको सत्ता में आना है, तो जनता का भरोसा जीतना होगा। महज विरोध करने से काम नहीं चलेगा। अगर विपक्ष का यही रवैया रहा, तो बिहार की जनता एनडीए पर इतना भरोसा करेगी कि हमारी तीसरी पीढ़ी भी यहां राज करेगी।”

Share This Article