पटना: सचिवालय कर्मियों के लिए खुशखबरी; 18 मई से चलेगी स्पेशल इलेक्ट्रिक और पिंक बसें

BiharNewsAuthor
4 Min Read

BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था (Public Transport System) को मजबूत करने और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को कम करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) द्वारा सचिवालय के कर्मचारियों के लिए 18 मई 2026 से विशेष इलेक्ट्रिक एवं पिंक बस सेवा की शुरुआत की जा रही है।

परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित, सुलभ और समय पर कार्यालय पहुंचने की सुविधा देना है। इससे कर्मचारियों की निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और ईंधन की भारी बचत होगी।

निजी वाहनों का दबाव होगा कम

निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा के अनुसार, रोजाना हजारों की संख्या में सरकारी कर्मी अपनी निजी कारों और बाइकों से सचिवालय (Secretariat) आते-जाते हैं। इसके कारण न केवल शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, बल्कि पेट्रोल-डीजल पर भी भारी खर्च होता है।

इस विशेष इलेक्ट्रिक बस सेवा के शुरू होने से कर्मचारियों को एक बेहतर और किफायती विकल्प मिलेगा। वर्तमान में पटना शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों का सफल परिचालन किया जा रहा है, जिन्हें अब सचिवालय रूटों से भी जोड़ा जाएगा। यह कदम राज्य में “नो फ्यूल” आधारित पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देगा।

विभिन्न रूटों से सचिवालय तक की सीधी सेवा और समय

यह विशेष बस सेवा शहर के प्रमुख रिहायशी इलाकों को सीधे पुराने और नए सचिवालय से जोड़ेगी। कर्मचारियों की सुविधा के लिए ये बसें सुबह कार्यालय समय पर विभिन्न इलाकों से खुलेंगी और शाम को सचिवालय से वापस लौटेंगी। महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए शाम 5 बजे (छुट्टी के समय) विशेष रूप से बसें तैनात रहेंगी।

शहर के विभिन्न रूट और उनकी समय-सीमा इस प्रकार हैं:

1. मल्टी मॉडल हब (पटना जंक्शन) से सचिवालय

यह सेवा पटना जंक्शन के मल्टी मॉडल हब से शुरू होकर आर ब्लॉक, इनकम टैक्स चौराहा, विद्युत भवन, पटना हाई कोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय पहुंचेगी। इस रूट पर सुबह 8:30 बजे से बस सेवा उपलब्ध रहेगी।

2. दानापुर स्टेशन से सचिवालय

यह बस दानापुर स्टेशन से खुलकर सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना मोड़, आईजीआईएमएस (IGIMS), शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर (Zoo) होते हुए सचिवालय जाएगी। यहाँ सुबह 8:15 बजे से बसें मिलनी शुरू हो जाएंगी।

3. धनुकी मोड़ से विकास भवन (भाया कंकड़बाग)

यह रूट धनुकी मोड़ से शुरू होकर कुम्हरार, भूतनाथ रोड, एनएमसीएच (NMCH), राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन और आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक जाएगा।

4. कुर्जी से सचिवालय (स्पेशल पिंक बस सेवा)

महिला कर्मियों की सुविधा के लिए कुर्जी से विशेष ‘पिंक बस’ चलाई जाएगी। यह सेवा कुर्जी से पी एंड एम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी, ए.एन. कॉलेज, बोरिंग रोड चौराहा और हड़ताली मोड़ होते हुए सचिवालय पहुंचेगी।

5. गांधी मैदान से सचिवालय और दानापुर स्टेशन

यह रूट गांधी मैदान से शुरू होकर डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, नियोजन भवन, विद्युत भवन, हाई कोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय क्षेत्र तक जाएगा और आगे दानापुर स्टेशन तक कनेक्टिविटी देगा।

ऊर्जा संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम

बिहार सरकार की इस ग्रीन पहल से न केवल पर्यावरण को फायदा पहुंचेगा, बल्कि रोजाना सफर करने वाले कर्मचारियों की जेब पर भी आर्थिक बोझ कम होगा। आरामदायक सफर के साथ-साथ समय की पाबंदी इस सेवा की मुख्य विशेषता होगी। सफल ट्रायल के बाद अब 18 मई से इसे पूरी तरह जमीन पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

Share This Article