BNT Desk: पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना एएन कॉलेज में जारी है। पोस्टल बैलेट की गिनती के बाद EVM के 23 राउंड पूरे हो चुके हैं। ताजा रुझानों में जनसुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर लगातार अपनी बढ़त मजबूत करते जा रहे हैं। 23वें राउंड की मतगणना के बाद उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा पर 13,269 वोटों की बढ़त बना ली है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
23वें राउंड के बाद ताजा आंकड़े
मतगणना के 23वें राउंड के बाद उम्मीदवारों को मिले कुल वोट इस प्रकार हैं—
- प्रशांत किशोर (जनसुराज): 46,377 वोट
- नीरज सिन्हा (भाजपा): 33,108 वोट
- रेखा कुमारी (राजद): 10,925 वोट
इन आंकड़ों के मुताबिक प्रशांत किशोर भाजपा से 13,269 वोट आगे चल रहे हैं। शुरुआती राउंड से मिली बढ़त अब काफी मजबूत होती नजर आ रही है।
राउंड दर राउंड बढ़ती गई बढ़त
बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना में प्रशांत किशोर ने पहले ही राउंड से बढ़त बना ली थी। पहले राउंड में वह 797 वोटों से आगे थे। इसके बाद हर राउंड में उनकी बढ़त बढ़ती गई। पांचवें राउंड तक यह बढ़त 2,379 वोट पहुंची। आठवें राउंड में यह अंतर 4,752 वोट हो गया।
11वें राउंड के बाद प्रशांत किशोर 6,419 वोट से आगे थे। 15वें राउंड तक उनकी बढ़त 8,202 वोट हो गई। 19वें राउंड के बाद यह बढ़कर 11,289 वोट पहुंची और अब 23वें राउंड के बाद बढ़त 13,269 वोट हो चुकी है। इससे साफ है कि मतगणना के साथ जनसुराज उम्मीदवार की स्थिति लगातार मजबूत होती गई है।
23 राउंड तक का वोटों का हिसाब
| राउंड | प्रशांत किशोर | नीरज सिन्हा | रेखा कुमारी | पीके की बढ़त |
|---|---|---|---|---|
| 1 | 2,220 | 1,423 | 501 | 797 |
| 2 | 3,790 | 2,634 | 501* | 1,156 |
| 3 | 5,032 | 3,870 | 767 | 1,162 |
| 4 | 6,269 | 5,124 | 884 | 1,145 |
| 5 | 8,971 | 6,592 | 884* | 2,379 |
| 6 | 11,603 | 8,152 | 2,154 | 3,451 |
| 7 | 13,500 | 9,689 | 2,599 | 3,811 |
| 8 | 15,637 | 10,885 | 2,898 | 4,752 |
| 9 | 17,856 | 12,584 | 3,449 | 5,272 |
| 10 | 20,059 | 14,048 | 3,983 | 6,011 |
| 11 | 21,941 | 15,522 | 4,223 | 6,419 |
| 12 | 23,756 | 17,110 | 4,850 | 6,646 |
| 13 | 26,113 | 18,994 | 5,583 | 7,119 |
| 14 | 28,201 | 20,420 | 6,142 | 7,781 |
| 15 | 29,752 | 21,550 | 6,755 | 8,202 |
| 16 | 31,742 | 22,776 | 7,500 | 8,966 |
| 17 | 33,538 | 23,957 | 8,272 | 9,581 |
| 18 | 35,713 | 25,277 | 9,316 | 10,436 |
| 19 | 38,201 | 26,912 | 9,795 | 11,289 |
| 20 | 40,169 | 28,548 | 10,035 | 11,621 |
| 21 | 42,169 | 30,276 | 10,309 | 11,893 |
| 22 | 44,525 | 31,716 | 10,562 | 12,809 |
| 23 | 46,377 | 33,108 | 10,925 | 13,269 |
भाजपा और जनसुराज के बीच सीधी लड़ाई
मतगणना के अब तक के रुझानों से साफ है कि बांकीपुर उपचुनाव में मुकाबला मुख्य रूप से जनसुराज और भाजपा के बीच है। भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा दूसरे स्थान पर हैं, लेकिन वह लगातार प्रशांत किशोर से पीछे चल रहे हैं। वहीं राजद उम्मीदवार रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर हैं और दोनों प्रमुख उम्मीदवारों से काफी पीछे हैं।
अभी 8 राउंड की मतगणना बाकी
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना कुल 31 राउंड में पूरी होनी है। अभी 23 राउंड की गिनती पूरी हुई है और 8 राउंड बाकी हैं। यदि शेष राउंड में भी यही रुझान जारी रहता है, तो जनसुराज के लिए यह चुनाव ऐतिहासिक जीत साबित हो सकता है। हालांकि अंतिम परिणाम सभी 31 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद ही घोषित किया जाएगा। फिलहाल पूरे बिहार की नजर बांकीपुर के इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले पर बनी हुई है।