BNT Desk: बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मैच देखते समय हुए एक छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मैच देखते समय शुरू हुआ विवाद
घटना महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ युवक मोबाइल और टीवी पर भारत और न्यूजीलैंड का क्रिकेट मैच देख रहे थे। इसी दौरान मैच में भारत का एक विकेट गिर गया। इस पर वहां मौजूद एक युवक ने जोर-जोर से हल्ला करना शुरू कर दिया। इस बात से वहां बैठे दूसरे युवक को गुस्सा आ गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर मामला झगड़े में बदल गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई।
जमीन पर पटककर किया हमला
आरोप है कि झगड़े के दौरान आरोपी युवक ने 17 साल के कुदन कुमार को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर जोरदार हमला कर दिया। इस हमले में कुदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को तुरंत महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
हाजीपुर अस्पताल में भी कुदन कुमार की हालत में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेज दिया। लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान कुदन कुमार (17 वर्ष), पिता बृजकिशोर राय, निवासी जक्कोपुर वार्ड संख्या 18, नगर परिषद महनार के रूप में हुई है। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान पड़ोसी केशव कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर फरार हो गया है। महनार के SDPO प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और FSL टीम के साथ मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।