भागलपुर : मंत्री की तबीयत बिगड़ी तो खुली अस्पताल की पोल; एक ही रात में BP की दो रिपोर्ट, डॉक्टर पर उठे सवाल

बिहार की मंत्री लेशी सिंह की तबीयत बिगड़ने पर बिहपुर सीएचसी में बीपी जांच के दौरान भारी अंतर मिला। एएनएम और डॉक्टर की अलग-अलग रिपोर्ट देख मंत्री ने डॉक्टर पर नशे में होने का शक जताया। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार डॉक्टर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह के साथ एक अजीब वाकया हुआ, जिसने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है। सोमवार की देर रात जब मंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ी, तो वे जांच के लिए भागलपुर के बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचीं। लेकिन यहाँ उनकी जाँच में जो लापरवाही सामने आई, उसने डॉक्टर को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?

मंत्री लेशी सिंह एनएच-31 के रास्ते पूर्णिया से पटना जा रही थीं। रात करीब 11 बजे उन्हें बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद वे तुरंत पास के बिहपुर अस्पताल पहुँचीं। वहाँ मौजूद एएनएम हेमा कुमारी ने जब उनका ब्लड प्रेशर (BP) चेक किया, तो वह 190/150 आया। यह आंकड़ा इतना डरावना था कि मंत्री जी खुद चिंता में पड़ गईं और काफी देर तक अस्पताल परिसर में ही रुकी रहीं।

एक ही समय पर आई दो अलग-अलग रिपोर्ट

असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सैफुल्ला ने दोबारा मंत्री का चेकअप किया। डॉक्टर की जांच में बीपी 150/80 निकला। मंत्री को ताज्जुब हुआ कि कुछ ही मिनटों में इतना बड़ा अंतर कैसे आ सकता है? शक होने पर उन्होंने फिर से एएनएम से जांच कराई, तो रीडिंग फिर से 190/150 आई। रिपोर्ट में बार-बार हो रहे इस हेरफेर को देखकर मंत्री भड़क गईं और उन्होंने डॉक्टर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

डॉक्टर पर नशे में होने का शक और प्रशासन की कार्रवाई

मंत्री को संदेह हुआ कि डॉक्टर शायद नशे की हालत में हैं, जिससे वे सही जांच नहीं कर पा रहे। मंत्री की शिकायत के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया। रात के करीब पौने दो बजे जब पुलिस टीम अस्पताल पहुँची, तो डॉक्टर सैफुल्ला वहाँ से गायब मिले। मंगलवार को इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें कई बड़े अधिकारी शामिल थे। फिलहाल डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर उन पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article