BNT Desk: रक्सौल एयरपोर्ट परिसर में आयोजित अनिरुद्धाचार्य महाराज की श्रीमद भागवत कथा के दौरान भारी भीड़ उमड़ने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई। यह घटना कथा के दौरान महाराज के प्रवेश के समय हुई, जब श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बहुत बढ़ गई। आयोजन स्थल पर मौजूद लोग कथा सुनने के लिए उत्साहित थे, लेकिन भीड़ का अंदाजा ठीक से नहीं लगाया गया, जिससे हालात बिगड़ गए।
मुख्य द्वार पर टूटा गेट, पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महाराज के साथ ही कई श्रद्धालु मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर जाने लगे। इसी दौरान भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया कि प्रवेश द्वार पर लगा लोहे का गेट उखड़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तैनात पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागते नजर आए।
महिलाएं घायल, बच्चे मां से बिछड़े
इस अफरा-तफरी में दो-तीन महिलाएं गिर गईं, जिन्हें हल्की चोटें आईं। वहीं भीड़ में दो छोटे बच्चे अपनी मां से बिछड़ गए। बच्चों को खोजते हुए उनकी मां रोती-बिलखती नजर आईं। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से बाद में बच्चों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया, तब जाकर परिजनों ने राहत की सांस ली।
क्षमता से अधिक भीड़, प्रशासन पर उठे सवाल
कथा पंडाल में तय क्षमता से कहीं ज्यादा श्रद्धालु पहुंच गए थे। जगह कम पड़ने पर कई लोग पास में खड़े ट्रकों पर चढ़कर कथा सुनते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के अनुसार न तो आयोजन की तैयारी थी और न ही प्रशासनिक इंतजाम पर्याप्त थे। हालांकि प्रशासन की ओर से फिलहाल स्थिति सामान्य होने की बात कही जा रही है और आगे सुरक्षा बढ़ाने का दावा किया गया है।