समस्तीपुर: मौत बनकर आई ट्रक, कार को 100 मीटर तक घसीटा; रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो वायरल

समस्तीपुर में रफ्तार का कहर: बेकाबू ट्रक ने कार को पीछे से टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीटा। हादसे का खौफनाक सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है। गनीमत रही कि कार सवार तीन लोग सुरक्षित बच गए। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: रोसड़ा-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर बीती रात एक ऐसी घटना घटी जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। जितवारपुर हसनपुर के पास एक बेकाबू ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। ड्राइवर ने ब्रेक मारने के बजाय ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और कार को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। इस खौफनाक मंजर का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कैसे टला बड़ा हादसा?

चश्मदीदों की मानें तो यह टक्कर किसी फिल्मी सीन जैसी थी। ट्रक कार को घसीटते हुए ले जा रहा था और कार में सवार लोगों की जान हलक में अटकी थी। गनीमत यह रही कि सड़क किनारे एक दूसरा ट्रक खड़ा था। घिसटती हुई कार जब उस खड़े ट्रक से टकराई, तब जाकर बेकाबू ट्रक की रफ्तार थमी। अगर वह दूसरा ट्रक वहां नहीं होता, तो शायद कार सवारों का बचना नामुमकिन था। हादसे के वक्त कार में ड्राइवर समेत तीन लोग सवार थे, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।

गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को सिखाया सबक

जैसे ही ट्रक रुका, आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद लोगों का गुस्सा ट्रक ड्राइवर पर फूट पड़ा। भागने की कोशिश कर रहे ड्राइवर को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया।

सड़क किनारे खड़े ट्रक बन रहे मुसीबत

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर रात के समय सड़क किनारे कई भारी वाहन अवैध रूप से खड़े रहते हैं, जिससे रास्ता संकरा हो जाता है। कल रात भी कुछ ऐसा ही हुआ था, जिसकी वजह से ट्रक ड्राइवर अपना संतुलन खो बैठा। फिलहाल, पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है। राहत की बात बस यही रही कि इतने बड़े हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई है।

Share This Article