फेसबुक लाइव में भड़का युवक; SC और HC जजों के खिलाफ गाली-गलौज, देश जलाने की धमकी

UGC के नए समानता नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक से भड़के पटना के एक युवक, रुद्र प्रताप कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो पोस्ट कर देश में आग लगाने की धमकी दी है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए युवक की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: सोशल मीडिया पर एक युवक का बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह देश को “आग लगाने” की धमकी दे रहा है। दरअसल, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के समानता नियमों पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने से यह युवक बुरी तरह नाराज है। वीडियो में उसने न केवल विवादित बयान दिए, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के जजों के लिए भी भद्दी शब्दावली का इस्तेमाल किया है। बिहार पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी है।

कौन है यह युवक और क्या है पूरा मामला?

भड़काऊ वीडियो बनाने वाले इस शख्स ने अपना नाम रुद्र प्रताप कुशवाहा बताया है। जानकारी के अनुसार, रुद्र ने गुरुवार शाम को अपने फेसबुक अकाउंट से करीब 6 मिनट का एक वीडियो लाइव किया। इसमें वह गैर-सवर्ण वर्ग के लोगों को जागरूक करने के नाम पर जहर उगलता नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होते ही ‘X’ (ट्विटर) पर लोगों ने बिहार और दिल्ली पुलिस को टैग कर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पटना पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं।

सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ की आपत्तिजनक टिप्पणी

वायरल वीडियो में युवक का गुस्सा इस कदर था कि उसने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। उसने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के जजों के खिलाफ गाली-गलौज की और देश का माहौल खराब करने वाली बातें कहीं। बताया जा रहा है कि यह युवक पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर विवादित बयान दे चुका है। युवक ने अपनी एक अन्य पोस्ट में यह भी ऐलान किया है कि वह दलितों और पिछड़ों को एकजुट करने के लिए पूरे बिहार का दौरा करेगा और इसके लिए उसने लोगों से आर्थिक मदद भी मांगी है।

आखिर क्यों मचा है UGC नियमों पर बवाल?

यह सारा विवाद UGC के उन नए नियमों को लेकर है, जो कॉलेज और यूनिवर्सिटी में SC, ST और OBC छात्रों के साथ होने वाले भेदभाव को रोकने के लिए बनाए गए थे। कुछ संगठनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और कोर्ट ने फिलहाल इन नियमों पर रोक लगा दी है। इसी रोक से नाराज होकर रुद्र प्रताप ने यह विवादित वीडियो बनाया। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article