पटना के व्यस्ततम चौराहों में से एक बोरिंग रोड चौराहे की सूरत अब पूरी तरह बदल गई है। बुडको (BUDCO) द्वारा यहां 3500 स्क्वायर फीट के विशाल क्षेत्र में भव्य ब्यूटीफिकेशन का काम पूरा किया गया है। जयपुर से मंगाई गई सोलर पॉम ट्री, दिल्ली से आया कोबरा शेप का स्टेनलेस स्टील फाउंटेन और राजस्थान के लाइमस्टोन से बनी फ्लोरिंग ने इस चौराहे को एक नई पहचान दे दी है।
जयपुर से आई 15 फीट ऊंची सोलर पॉम ट्री
चौराहे पर लगाई गई सोलर पॉम ट्री को खासतौर पर जयपुर से मंगाया गया है। यह लाइट करीब 15 फीट ऊंची है और इसमें 500 वाट की बल्ब लगाई गई है। यह पूरी तरह सोलर एनर्जी पर आधारित है, जिसका मतलब है कि रात में यह बिना किसी बिजली खर्च के सौर ऊर्जा से जलती है। यह पर्यावरण के लिहाज से भी एक सराहनीय कदम है।
राजस्थान के लाइमस्टोन से बनी टिकाऊ और सुंदर फ्लोरिंग
चौराहे के रास्तों की फ्लोरिंग राजस्थान से मंगाए गए लाइमस्टोन से की गई है। यह पत्थर न केवल टिकाऊपन बल्कि सौंदर्य की दृष्टि से भी बेहद आकर्षक है। लाइमस्टोन फ्लोरिंग पटना की गर्मी और बारिश दोनों में मजबूत बनी रहती है और चौराहे को एक प्रीमियम लुक देती है।
500 स्क्वायर फीट में 2500 पौधों वाली ग्रीन वॉल
चौराहे की एक और खास आकर्षण है यहां बनाई गई ग्रीन वॉल। चौराहे पर स्थित शिव मंदिर की पिछली दीवार को चिह्नित कर उसकी मरम्मत, पेंटिंग और ग्लोरिंग करके यह ग्रीन वॉल तैयार की गई है। 500 स्क्वायर फीट के इस क्षेत्र में कुल 2500 पौधे लगाए गए हैं।
इस ग्रीन वॉल में खास ड्रिप इरिगेशन सिस्टम लगाया गया है। इस सिस्टम में एक स्विच ऑन होते ही पानी स्वचालित रूप से सभी पौधों तक पहुंच जाता है, जिससे पौधों की देखभाल आसान और कम खर्चीली हो जाती है।
दिल्ली से आया कोबरा शेप का स्टेनलेस स्टील फाउंटेन
चौराहे पर पहले से लगे पुराने फाउंटेन को हटाकर अब दिल्ली से मंगाया गया नया कोबरा शेप फाउंटेन लगाया गया है। यह फाउंटेन पूरी तरह स्टेनलेस स्टील से बना है और अपने अनोखे डिजाइन की वजह से रात में रोशनी में बेहद आकर्षक दिखता है। यही फाउंटेन अब इस चौराहे की पहचान बन गया है।
‘मेरा पटना मेरी जवाबदेही’ बोर्ड और फसाड लाइटिंग
पूरे ब्यूटीफिकेशन क्षेत्र में फसाड लाइट भी लगाई गई है जो रात के वक्त पूरे चौराहे को जगमग कर देती है। साथ ही यहां ‘मेरा पटना मेरी जवाबदेही’ का बोर्ड भी लगाया गया है जो नागरिकों को शहर की सफाई और सुंदरता बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है। इसके अलावा चौराहे पर पहले से स्थित पुलिस बूथ को भी उसके स्थान से आगे बढ़ाकर पूरी तरह रिनोवेट किया गया है।