भारत-अमेरिका ट्रेड डील का असर, ज्वैलरी शेयरों में जोरदार उछाल और सोना-चांदी रिकॉर्ड स्तर पर

भारत और अमेरिका के बीच नई ट्रेड डील के ऐलान से ज्वैलरी सेक्टर में जोरदार तेजी आई। टैरिफ घटने से ज्वैलरी शेयर चढ़े, जबकि सोना और चांदी की कीमतें भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: भारतीय ज्वैलरी कारोबारियों और निवेशकों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। भारत और अमेरिका के बीच एक ऐतिहासिक व्यापार समझौते का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि भारतीय सामानों पर लगने वाले आपसी टैरिफ को 50% से घटाकर अब केवल 18% कर दिया गया है। वहीं, अमेरिका से आने वाले सामानों पर भी भारत टैरिफ कम करेगा। इस खबर के आते ही शेयर बाजार में ज्वैलरी कंपनियों के शेयरों ने दौड़ लगा दी और सोने-चांदी की कीमतों में भी भारी उछाल देखने को मिला।

ज्वैलरी शेयरों की चांदी, निवेशकों की हुई बल्ले-बल्ले

जैसे ही इस डील की खबर फैली, शेयर बाजार में टाइटन और कल्याण ज्वैलर्स जैसे बड़े स्टॉक्स में निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। इंट्रा-डे ट्रेडिंग में कई शेयर 7.5% तक चढ़ गए। आंकड़ों की बात करें तो कल्याण ज्वैलर्स का शेयर 7.5% की बढ़त के साथ 393.75 रुपये पर पहुंच गया, वहीं टाइटन कंपनी में 4.5% की तेजी देखी गई और यह 4,141 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। इसके अलावा सेन्को गोल्ड और पीसी ज्वैलर के शेयरों में भी 5% से 7% तक का तगड़ा उछाल दर्ज किया गया।

क्या है इस नई डील में खास?

इस समझौते के तहत दोनों देशों ने टैरिफ में बड़ी कटौती पर सहमति जताई है। अमेरिका अब भारतीय सामानों पर 25% की जगह सिर्फ 18% टैरिफ लगाएगा। बदले में भारत भी अमेरिकी सामानों के लिए अपने रास्ते आसान करेगा और कई बाधाओं को खत्म करने की दिशा में बढ़ेगा। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अमेरिका भारतीय गहनों का सबसे बड़ा खरीदार है, इसलिए टैरिफ कम होने से सीधे तौर पर हमारे निर्यातकों को बड़ा मुनाफा होगा और विदेशों में भारतीय गहनों की मांग बढ़ेगी।

सोना और चांदी की कीमतों में लगी आग

ट्रेड डील की खबर का असर सिर्फ शेयरों पर ही नहीं, बल्कि सराफा बाजार पर भी पड़ा। घरेलू बाजार (MCX) पर सोने की कीमतें करीब 4% बढ़कर 1,49,485 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। चांदी ने तो और भी कमाल कर दिया, इसकी कीमतें 6% के ऊपरी सर्किट के साथ 2,50,436 रुपये प्रति किलो तक जा पहुंचीं। जानकारों का कहना है कि ग्लोबल मार्केट में बढ़ती मांग और चीन में नए साल की खरीदारी की वजह से कीमतों में यह तेजी आई है, जिससे बाजार का माहौल पूरी तरह बदल गया है।

Share This Article