BNT Desk: सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे (Pranit More) के शो का ‘370 रुपये की चिकन बिरयानी’ वाला वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर इंटरनेट पर ऐसा बवाल मचा कि बयान देने वाले युवक को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा। अब इस पूरे विवाद में मशहूर मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साक्षी शिवदासानी की एंट्री हो गई है। साक्षी ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे के माफीनामे (Apology) की धज्जियां उड़ाते हुए उन्हें बुरी तरह ट्रोल किया है और इसे पुरुषों की घिनौनी मानसिकता का उदाहरण बताया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, प्रणीत मोरे के एक ‘क्राउड वर्क’ (Audience Interaction) शो के दौरान 23 साल के हिमांशु जांगड़ा नाम के एक दर्शक ने बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। हिमांशु ने कहा था कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था, जहां उसने ₹370 की एक प्लेट चिकन बिरयानी के पैसे दिए थे। इसके बाद हिमांशु ने तर्क दिया कि चूंकि उसने पैसे खर्च किए थे, इसलिए वह अपने इस ‘इन्वेस्टमेंट’ (निवेश) पर ‘रिटर्न’ (शारीरिक संबंध या सेक्स) का हकदार था।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हिमांशु और कॉमेडियन प्रणीत दोनों के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विवाद बढ़ता देख हिमांशु ने माफी मांगी और अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स डिलीट कर दिए।
साक्षी शिवदासानी ने प्रणीत मोरे को किया एक्सपोज
मंगलवार को मॉडल साक्षी शिवदासानी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर प्रणीत मोरे के उस बयान को आड़े हाथों लिया, जिसमें प्रणीत ने खुद का पल्ला झाड़ने की कोशिश की थी। साक्षी ने लिखा:
“प्रणीत मोरे कह रहे हैं कि ‘मेरे दर्शक के विचार मेरे विचारों को नहीं दर्शाते’। लेकिन सर, आपने खुद उस हिस्से को काटकर इंस्टाग्राम पर रील बनाकर पोस्ट किया! क्यों? क्योंकि आपको यह बात बेहद फनी और मजेदार लगी कि एक पुरुष डेट पर पैसे देने के बाद किसी महिला के साथ सोने का अधिकार खरीद लेता है।”
साक्षी ने आगे लिखा कि यह सब बेहद घिनौना और शर्मनाक है। जब तक महिलाएं आवाज नहीं उठातीं, तब तक पुरुषों को अपनी गलती का अहसास ही नहीं होता। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे इस तरह की ओछी बातों को ‘कोई बड़ी बात नहीं’ कहकर टालने न दें और न ही किसी के बहकावे (Gaslight) में आएं।
विवाद बढ़ने के बाद कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने क्या कहा?
चारों तरफ से घिरने के बाद प्रणीत मोरे ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी थी। प्रणीत ने लिखा, “मैं हालिया क्लिप को लेकर हो रही आलोचनाओं को देख रहा हूं। उस दर्शक द्वारा की गई टिप्पणी मेरे विचारों से बिल्कुल मेल नहीं खाती। अब पीछे मुड़कर देखने पर मुझे लगता है कि मुझे उस टिप्पणी पर हंसने और आगे बढ़ने के बजाय उसे टोकना चाहिए था और चुनौती देनी चाहिए थी। यह मेरी निर्णय क्षमता की एक बड़ी चूक थी।”
प्रणीत ने आगे लिखा, “मैं उन सभी का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने शालीनता से अपनी चिंताएं उठाईं। जो कुछ भी हुआ उसके लिए मैं ईमानदारी से माफी मांगता हूं। मैं भी एक इंसान हूं और लगातार सीख रहा हूं।”
युवक को भारी पड़ी बदतमीजी
इस विवाद का सबसे बड़ा असर 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा के करियर पर पड़ा। हिमांशु ‘स्टारविक डिजाइन’ (Starvik Design) नाम की कंपनी में काम कर रहे थे। विवाद जैसे ही बढ़ा, कंपनी के फाउंडर विवेक विश्वकर्मा ने इंस्टाग्राम पर आकर हिमांशु को नौकरी से निकालने (Terminate) की घोषणा कर दी।
विवेक विश्वकर्मा ने कहा, “कार्यस्थल के बाहर जो कुछ भी हुआ है, उसने अब हमारे वर्कप्लेस को प्रभावित किया है। एक कंपनी के रूप में हमारी अपनी टीम, क्लाइंट्स और यहां के माहौल के प्रति जिम्मेदारी है। यही कारण है कि हमने हिमांशु से अपने रास्ते अलग करने (नौकरी से निकालने) का फैसला किया है।”
इंटरनेट पर बंटी लोगों की राय
इस घटना के बाद से भारतीय सोशल मीडिया स्पेस में ‘डेटिंग एथिक्स’ (Dating Ethics) और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान को लेकर एक बड़ी बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ लोग साक्षी शिवदासानी के स्टैंड और कंपनी द्वारा युवक को नौकरी से निकालने के फैसले की तारीफ कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग प्रणीत मोरे के माफीनामे को महज एक ‘डैमेज कंट्रोल’ बता रहे हैं।