BNT Desk: Samastipur जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसारी गांव में खेत से बरामद सिर कटी लाश मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकेश पासवान उर्फ मलिंगा, राजेश कुमार रंजन उर्फ राजन, अर्जुन पासवान, दीपक पासवान और नीतीश कुमार शामिल हैं।
पुलिस ने जांच के दौरान मृतक का सिर, साइकिल और हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है।
शराब कारोबार को लेकर बढ़ी थी दुश्मनी
पुलिस के अनुसार मृतक सुधांशु कुमार उर्फ शर्माजी और मुख्य आरोपी मलिंगा पहले दोस्त थे।
लेकिन बाद में दोनों के बीच अवैध शराब कारोबार को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोपी को डर था कि सुधांशु उसकी हत्या कर सकता है। इसी डर और दुश्मनी के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
सड़क पर ही गला काटकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 10 मार्च की शाम सुधांशु देसी शराब की डिलीवरी देने जा रहा था।
इसी दौरान रास्ते में मलिंगा और उसके साथियों ने उसे पकड़ लिया और सड़क किनारे तलवार से हमला कर दिया। पहले उसके पैरों और सिर पर वार किया गया और फिर गला काटकर उसकी हत्या कर दी गई।
सिर और धड़ को अलग-अलग जगह दफनाया
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने की कोशिश की।
उन्होंने मृतक के धड़ को खेत में पानी टंकी के पास दफना दिया और सिर को गांव के एक बगीचे में गाड़ दिया। शक से बचने के लिए उस जमीन को ट्रैक्टर से जोत भी दिया गया।
मृतक की साइकिल को भी पास के पोखर में फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
72 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
इस मामले का खुलासा करते हुए एएसपी और सदर एसडीपीओ-1 Sanjay Kumar Pandey ने बताया कि वैज्ञानिक जांच के आधार पर सभी आरोपियों को 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और इस मामले में स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।