BNT Desk: बिहार के वैशाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के चुनावी क्षेत्र राघोपुर में एक शादी का जश्न अचानक रणक्षेत्र में बदल गया। विवाद की वजह कोई पुरानी रंजिश नहीं, बल्कि डीजे पर बज रहा एक ‘गाना’ बना। चिराग पासवान की तारीफ में बज रहे गाने को लेकर दो समुदायों के बीच ऐसी हिंसक झड़प हुई कि पत्थरबाजी में कई लोग लहूलुहान हो गए।
‘बिलौकी’ की रस्म और चिराग का गाना
घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के थौलिया बांध के पास की है। यहां रहने वाले राजेश पासवान के बेटे पिंटू कुमार की शादी थी। घर में बारात निकलने की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और खुशियों का माहौल था। बारात प्रस्थान से पहले ‘बिलौकी’ की रस्म निभाई जा रही थी। इसी दौरान डीजे पर लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान से जुड़ा एक गाना बजने लगा।
आपत्ति के बाद शुरू हुआ ‘खूनी खेल’
जैसे ही चिराग पासवान का गाना बजा, वहां मौजूद यादव समुदाय के कुछ लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। गाने को बंद करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते शादी वाला घर अखाड़े में तब्दील हो गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई।
बारात रोकने की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा
तनाव इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने बारात को आगे बढ़ने से रोक दिया। पत्थरबाजी की इस घटना में दूल्हे के पक्ष समेत कई ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और सुरक्षा घेरे में दूल्हे और बारातियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकलवाया, जिसके बाद शादी संपन्न हो सकी।
इलाके में तनाव, पुलिस की पैनी नजर
चूंकि यह मामला तेजस्वी यादव के गढ़ राघोपुर से जुड़ा है और दो समुदायों (यादव और पासवान) के बीच का है, इसलिए प्रशासन बेहद सतर्क है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।