BNT Desk: बिहार पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यह वीडियो मुजफ्फरपुर जिले के जजुआर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि Bihar News Today इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका पर बहस तेज हो गई है।
जांच के दौरान युवक से गाली-गलौज का आरोप
सूत्रों के अनुसार, यह मामला जजुआर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव का है। बताया जा रहा है कि जजुआर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर असलम पुलिस बल के साथ किसी मामले की जांच के लिए गांव पहुंचे थे। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जांच के दौरान वहां खड़े एक युवक को सब इंस्पेक्टर द्वारा गालियां दी जा रही हैं। जब युवक गाली देने से मना करता है, तो उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।
घटना का वीडियो बना, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या थाना स्तर के अधिकारियों को वरीय अधिकारियों के निर्देशों का कोई डर नहीं है या फिर ये निर्देश सिर्फ कागजों तक ही सीमित हैं।
वरीय अधिकारियों के निर्देशों पर उठे सवाल
लोगों का कहना है कि एक तरफ वरीय पुलिस अधिकारी आम जनता से दोस्ताना व्यवहार करने की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ थाना स्तर पर तैनात अधिकारी खुलेआम गाली-गलौज और मारपीट करते नजर आते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर कठघरे में है। अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस विभाग क्या कार्रवाई करता है और क्या ऐसे मामलों पर सख्त कदम उठाए जाते हैं या नहीं।