BNT Desk: बिहार के जहानाबाद से एक ऐसी खबर आई है जिसने गुरु-शिष्य की परंपरा को शर्मसार कर दिया है। घोषी प्रखंड के कन्या प्राथमिक विद्यालय (देहुनी गांव) में दो शिक्षक आपस में इस कदर भिड़ गए कि स्कूल का आंगन अखाड़ा बन गया। करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच लात-घूंसे चलते रहे। यह सब तब हुआ जब सुबह की प्रार्थना चल रही थी। मासूम बच्चे अपने गुरुओं को लड़ते देख सहम गए। बाद में ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
क्यों शुरू हुआ विवाद?
इस पूरी लड़ाई की मुख्य वजह स्कूल का ‘प्रभार’ और ‘मिड-डे मील’ (MDM) का संचालन बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में हेडमास्टर ने अभी तक किसी को आधिकारिक चार्ज नहीं दिया है। फिलहाल राजू कुमार मिड-डे मील का काम देख रहे हैं। दूसरे शिक्षक मुकेश कुमार का आरोप है कि राजू कुमार रजिस्टर में बच्चों की हाजिरी बढ़ाकर दिखाते हैं, जिसका वे विरोध कर रहे थे। इसी रंजिश के कारण पिछले कई दिनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी।
पानी छिड़कने को लेकर बढ़ा झगड़ा
घटना के वक्त मुकेश कुमार स्कूल के आगे मोटर चलाकर पानी का छिड़काव कर रहे थे। आरोप है कि तभी राजू कुमार ने आकर अचानक मोटर बंद कर दी। जब मुकेश ने कारण पूछा, तो राजू कुमार आपा खो बैठे और मारपीट शुरू कर दी। मुकेश कुमार का कहना है कि उन्हें जमीन पर पटक कर पीटा गया और उनकी शर्ट तक फाड़ दी गई। वहीं, राजू कुमार का दावा है कि विवाद की शुरुआत मुकेश कुमार ने ही की थी।
बच्चों ने बताई आंखों देखी सच्चाई
स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा लवली और छात्र संतान कुमार ने बताया कि जब वे प्रार्थना कर रहे थे, तभी अचानक दोनों सर लड़ने लगे। बच्चों के अनुसार, राजू सर ने मुकेश सर पर रॉड से हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। बच्चों ने यह भी शिकायत की कि स्कूल में खाना भी ढंग से नहीं मिलता है।
दोषी शिक्षकों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नीरज कुमार ने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने बताया, “मुझे ग्रामीणों से इसकी जानकारी मिली है। मैं खुद स्कूल जाकर जांच कर रहा हूं। जो भी शिक्षक दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उस पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”