BNT Desk: पटना में रामनवमी की भव्य शोभायात्रा के दौरान शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डाकबंगला चौराहे पर अचानक आई तेज आंधी के कारण LED लाइट से बना विशाल गेट भरभराकर बीच सड़क पर आ गिरा। उस वक्त लाखों की संख्या में श्रद्धालु श्री राम चौक पर शोभायात्रा देखने के लिए मौजूद थे। गेट गिरते ही भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और गेट को हटाने का काम शुरू कराया गया। जेसीबी की मदद से गेट हटाकर यातायात बहाल किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन उस वक्त मुख्य मंच पर मौजूद थे — घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर। पोस्टर ओढ़कर उन्होंने झांकियों को सम्मानित किया।
रात 11 बजे पटना में 60 KM/H की आंधी
शुक्रवार रात करीब 11 बजे पटना और गया में एकाएक मौसम बिगड़ गया। 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। पटना में 1.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जगदेव पथ, बेली रोड, पाटलिपुत्र, अगमकुआं, कदमकुआं, राजेंद्र नगर, नाला रोड, एग्जिबिशन रोड, एसपी वर्मा रोड, लोहानीपुर और ठाकुरबाड़ी रोड समेत दर्जनों मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। दुकानों के होर्डिंग्स उड़ गए और कई जगह पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ। कोतवाली के पास भी रामनवमी के लिए बनाया गेट टूटकर गिर गया।
छपरा, नालंदा, बक्सर में भी असर
बीते 24 घंटों में बिहार के कई अन्य जिले भी इस मौसमी कहर से अछूते नहीं रहे। छपरा और नालंदा में तेज आंधी ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। नालंदा में तेज हवा के कारण मॉडल अस्पताल परिसर में आग लग गई, जिसे फायर ब्रिगेड की टीम ने बुझाया। बक्सर और किशनगंज में भी आसमान में घने काले बादल छाए रहे।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी के दौरान खुले मैदानों और कच्चे निर्माणों के पास न जाएं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे भी सतर्क रहने की चेतावनी दी है।