पटना के शंभू हॉस्टल में NEET छात्रा मौत मामला, परिजनों से मिलने पहुंचे उपेंद्र कुशवाहा, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा

पटना के शंभू हॉस्टल में NEET छात्रा की मौत के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। मामले की SIT जांच जारी है। उपेंद्र कुशवाहा जहानाबाद जाकर मृतका के परिजनों से मुलाकात करेंगे और न्याय का भरोसा दिलाया है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: पटना के शंभू हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की मौत के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। यह घटना कब, कैसे और किन हालात में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रा की मौत की खबर सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। सरकार ने इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया है।

उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे जहानाबाद, परिजनों से मिलेंगे

इसी क्रम में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा मृतक छात्रा के परिजनों से मिलने जहानाबाद पहुंचे। वे छात्रा के पैतृक गांव जाकर परिवार से मुलाकात करेंगे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंता बढ़ाने वाली है। उन्होंने साफ कहा कि एक होनहार छात्रा की इस तरह मौत होना समाज और व्यवस्था दोनों के लिए बड़ा सवाल है।

जांच जारी, दोषियों को सजा का भरोसा

उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि सरकार और प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। SIT हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सच्चाई जल्द सामने आएगी और जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने मृतक छात्रा के परिजनों से अपील की कि वे जांच एजेंसियों और प्रशासन पर भरोसा रखें, ताकि बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच हो सके।

मांगें सरकार तक पहुंचाने का वादा

कुशवाहा ने कहा कि परिजनों से मुलाकात के दौरान जो भी मांगें सामने आएंगी, उन्हें वह मुख्यमंत्री और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना सबसे जरूरी है। वहीं, राजीव प्रताप रूडी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि यह बयान किस संदर्भ में दिया गया है, इसलिए इस पर ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं होगा।

Share This Article