पटना: सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म; कई मांगों पर सरकार ने दी मंजूरी, दैनिक और आउटसोर्स कर्मियों को मिलेंगी नई सुविधाएं; शेष मांगों पर बनेगी समिति

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: पटना समेत बिहार के नगर निकायों में चल रही सफाई कर्मियों की हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। सरकार और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद कई मांगों पर सहमति बनी। समझौते के बाद मंत्री नीतीश मिश्रा और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर हड़ताल खत्म होने की घोषणा की। बैठक में सफाईकर्मी संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी मौजूद रहे। दोनों पक्षों के बीच कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

दैनिक कर्मियों को मिलेंगी कई नई सुविधाएं

पटना नगर निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने बताया कि राज्य सरकार नगर निकायों में कार्यरत सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दैनिक कर्मियों को अब छुट्टी, ग्रेच्युटी और अन्य सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद दैनिक कर्मियों को पेंशन का लाभ देने की दिशा में भी निर्णय लिया गया है। सरकार का प्रयास है कि उन्हें स्थायी कर्मचारियों की तरह अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें।

आउटसोर्स कर्मियों को भी मिलेगा बोनस

बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर भी सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि आउटसोर्स कर्मियों का वेतन सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा, जिससे भुगतान में पारदर्शिता बनी रहे। इसके अलावा पहली बार आउटसोर्स सफाई कर्मियों को बोनस देने का भी फैसला किया गया है। अब तक उन्हें यह सुविधा नहीं मिलती थी। सरकार के इस फैसले से बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

 

शेष मांगों पर बनेगी समिति

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सरकार सफाई कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि जिन मांगों पर तत्काल सहमति बन गई है, उन्हें लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ अन्य मांगों पर विस्तृत विचार-विमर्श की आवश्यकता है। इसके लिए एक समिति का गठन किया जाएगा, जो सभी बिंदुओं की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट देगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

कामकाज होगा सामान्य

हड़ताल समाप्त होने के बाद अब पटना सहित राज्य के अन्य नगर निकायों में सफाई व्यवस्था के सामान्य होने की उम्मीद है। कई दिनों से प्रभावित सफाई कार्य अब दोबारा शुरू होगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी। सरकार और सफाई कर्मियों के बीच बनी सहमति को कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article