जहानाबाद: NEET छात्रा केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 लोगों को डीएनए टेस्ट के लिए समन

जहानाबाद की NEET छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में बिहार पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पीड़िता के चाचा, चचेरे दादा समेत छह लोगों को डीएनए जांच के लिए समन भेजा गया है। पुलिस अलग-अलग जगहों पर पहुंचकर जांच कर रही है और डीएनए रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई करेगी।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: जहानाबाद की NEET छात्रा की पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में हुई संदिग्ध मौत मामले में बिहार पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए पीड़िता के चाचा, चचेरे दादा समेत कुल छह लोगों को डीएनए जांच के लिए समन भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले की सच्चाई तक पहुंचने के लिए हर एंगल से जांच की जा रही है।

गांव-गांव पहुंची पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात शकुराबाद थाना की पुलिस टीम छात्रा के पैतृक गांव पतियावां पहुंची। वहां पीड़िता के चाचा, चचेरे दादा समेत तीन लोगों को डीएनए टेस्ट के लिए समन दिया गया। इसके बाद पुलिस मखदुमपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव और पल्या गांव भी पहुंची, जहां से एक-एक युवक को डीएनए जांच के लिए बुलाया गया।

शहर के युवक को भी भेजा गया समन

पुलिस ने जहानाबाद शहर के पूर्वी गांधी मैदान इलाके में रहने वाले एक युवक को भी डीएनए टेस्ट के लिए तलब किया है। पुलिस का मानना है कि जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर इन लोगों को जांच में शामिल किया जा रहा है।

परिवार और इलाके में मचा हड़कंप

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। लोग इस मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। परिवार को उम्मीद है कि जांच के बाद न्याय मिलेगा।

डीएनए रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर संभव सबूत जुटाने में लगी है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषियों पर कार्रवाई हो सके।

Share This Article