रोबोडॉग’ पर मचा बवाल: गैलगोटियास यूनिवर्सिटी का बयान, प्रोफेसर नेहा सिंह सस्पेंड नहीं

AI इम्पैक्ट समिट में चीनी 'Unitree Go2' रोबोट को अपना बताकर पेश करने पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी विवादों में है। संस्थान ने स्पष्ट किया कि प्रोफेसर नेहा सिंह सस्पेंड नहीं हैं, लेकिन आंतरिक जांच जारी है। यूनिवर्सिटी ने इसे मानवीय चूक बताते हुए माफी मांगी और अपना स्टॉल हटा लिया है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: AI इम्पैक्ट समिट 2026 में ‘रोबोडॉग’ को लेकर उठे विवाद के बीच Galgotias University ने स्पष्ट किया है कि प्रोफेसर नेहा सिंह को सस्पेंड नहीं किया गया है। यूनिवर्सिटी ने कहा कि वह अपने पद पर बनी रहेंगी, जबकि पूरे मामले की आंतरिक जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला

विवाद तब शुरू हुआ जब समिट के दौरान यूनिवर्सिटी के स्टॉल पर एक रोबोटिक डॉग “Orion” प्रदर्शित किया गया। इसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रोडक्ट बताया गया। लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोगों ने दावा किया कि यह रोबोट असल में चीन की कंपनी Unitree Robotics का कमर्शियल मॉडल Unitree Go2 है, न कि यूनिवर्सिटी का खुद का विकास।

समिट की साख पर सवाल

AI इम्पैक्ट समिट एक सरकारी समर्थन वाला मंच है, जहां भारत और ग्लोबल साउथ की नई तकनीकों को दिखाया जाता है। ऐसे मंच पर गलत प्रस्तुति की आशंका ने तकनीकी विशेषज्ञों और शिक्षाविदों के बीच चिंता बढ़ा दी। आलोचकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं संस्थान और देश की साख को प्रभावित कर सकती हैं।

यूनिवर्सिटी ने मांगी माफी

यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नितिन कुमार गौर ने कहा कि यह एक गलती थी और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने साफ किया कि किसी को गुमराह करने की मंशा नहीं थी। विवाद बढ़ने के बाद यूनिवर्सिटी ने अपना स्टॉल भी हटा लिया और असुविधा के लिए माफी मांगी।

जांच जारी, आगे होगी कार्रवाई

यूनिवर्सिटी का कहना है कि यह किसी एक प्रतिनिधि की गलत जानकारी का नतीजा था, न कि संस्थागत स्तर पर जानबूझकर किया गया दावा। फिलहाल आंतरिक जांच चल रही है और जरूरत पड़ने पर अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

Share This Article