BNT Desk: राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में दिनदहाड़े अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। यह घटना तब हुई जब वह अपने घर के दरवाजे पर मौजूद थे। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पिता-पुत्र पर अचानक फायरिंग
घायल की पहचान इब्राहिमपुर निवासी बिरजू शर्मा के रूप में हुई है। उनके बेटे सिक्कू कुमार ने बताया कि वह अपने पिता के साथ घर के बाहर काम कर रहे थे। तभी तीन युवक वहां पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से दोनों घबरा गए। सिक्कू किसी तरह घर के अंदर भागकर बच गए, लेकिन बिरजू शर्मा के हाथ में गोली लग गई।
चार खोखा बरामद, अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। घटनास्थल से चार खोखा बरामद किए गए हैं। घायल बिरजू शर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और खतरे से बाहर हैं।
नामजद केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
नौबतपुर थाना अध्यक्ष मनजीत ठाकुर ने बताया कि इस मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफएसएल की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे आपसी रंजिश हो सकती है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।