BNT Desk: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बार फिर ‘पकड़ौआ विवाह’ का मामला सामने आया है। पटोरी थाना क्षेत्र के चकराज अली गांव में बिहार पुलिस की तैयारी कर रहे युवक नीतीश कुमार की कथित तौर पर जबरन शादी करा दी गई। आरोप है कि 7 फरवरी को जब वह लाइब्रेरी जा रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसे रास्ते से उठा लिया। इसके बाद उसे नशीला पदार्थ दिया गया और मोरवा प्रखंड के खुदनेश्वर स्थान मंदिर में उसकी शादी करा दी गई।
वायरल वीडियो ने खोली पूरी कहानी
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नीतीश नशे की हालत में दिखाई दे रहा है। वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा है। वरमाला के समय वह माला पकड़ने में भी असमर्थ दिखता है। आरोप है कि एक युवक ने उसका हाथ पकड़कर लड़की के गले में माला डलवाई। बताया जा रहा है कि चकराज अली गांव के शंकर राय की बेटी लक्ष्मी कुमारी से यह शादी कराई गई।
पीड़ित युवक ने खुद जारी किया वीडियो
नीतीश कुमार ने खुद को पीड़ित बताते हुए एक वीडियो जारी किया है। उसमें उसने कहा कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर मारपीट की गई और उसकी मर्जी के खिलाफ शादी कराई गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद उसे घर में बंद कर दिया गया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।
पुलिस जांच में जुटी, सच क्या है?
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। नीतीश को कथित ससुराल से निकालकर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पटोरी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस यह जांच कर रही है कि शादी सहमति से हुई या जबरदस्ती। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर ‘पकड़ौआ विवाह’ पर सवाल खड़े कर दिए हैं।