BNT Desk: पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल के पास अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन और नगर निगम की टीम पहुंची थी। यह कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत की जा रही थी। टीम के साथ जेसीबी मशीन भी लाई गई थी ताकि सड़क किनारे बने अवैध कब्जों को हटाया जा सके।
अतिक्रमणकारियों ने किया पथराव
कार्रवाई शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। विरोध धीरे-धीरे हिंसक हो गया और अतिक्रमणकारियों ने प्रशासनिक टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान अतिक्रमण हटाने आई जेसीबी मशीन को भी निशाना बनाया गया। जेसीबी वाहन के सभी शीशे तोड़ दिए गए। पत्थरबाजी में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।
मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत पुलिस बल को बुलाया। डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर था विवाद
बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद सड़क चौड़ीकरण को लेकर हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से उनके घर और दुकान प्रभावित हो रहे हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि शहर में ट्रैफिक समस्या को कम करने और सड़क को बेहतर बनाने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है।
इलाके में तनाव का माहौल
घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव की स्थिति बनी रही। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।