BNT Desk: JJD सुप्रीमो तेजप्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई गंभीर बातें कही। उन्होंने कहा कि उनका स्टैंड पूरी तरह साफ है और वे किसी भी गलत आरोप को स्वीकार नहीं करते। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में उनके साथ गलत व्यवहार हुआ और उन्हें घर से निकाल दिया गया।
बदनाम करने की साजिश का आरोप
तेजप्रताप यादव ने कहा कि कुछ लोगों ने मिलकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची है। उन्होंने जिन लोगों के नाम लिए, उनमें मुकेश रौशन, संजय यादव, रमीज़, शक्ति सिंह और सुनील सिंह शामिल हैं। उन्होंने इन लोगों को “जयचंद” बताते हुए कहा कि ये लोग मिलकर उनके खिलाफ गलत माहौल बना रहे हैं।
वायरल फोटो और संबंधों पर सफाई
तेजप्रताप यादव ने कहा कि अनुष्का यादव के साथ वायरल हुई फोटो उनके अकाउंट के हैक होने की वजह से सामने आई। उन्होंने इस कथित संबंध को पूरी तरह से खारिज किया। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि आलोक गुर्जर कौन है और अनुष्का यादव का उससे क्या संबंध है, इसकी जांच होनी चाहिए।
मानसिक दबाव और भावुक बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेजप्रताप यादव भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्हें इतना मानसिक दबाव दिया गया कि वे डिप्रेशन में चले गए। हालात ऐसे हो गए थे कि फांसी लगाने जैसी स्थिति बन गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता उन्हें आशीर्वाद देने आए थे, लेकिन कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आया।
कानूनी कार्रवाई और बड़े आरोप
तेजप्रताप यादव ने चेतावनी दी कि जो लोग उन्हें बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ वे कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा एक गिरोह है और इसका संचालन पूर्व विधायक मुकेश रौशन कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके खिलाफ साजिश कर उनकी हत्या कराने की कोशिश की जा रही है।