नितिन नवीन को लुटियंस दिल्ली में टाइप-8 सरकारी बंगला आवंटित

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लुटियंस दिल्ली के 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर टाइप-8 सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। यह आवास पहले शिबू सोरेन को दिया गया था। नियमों के तहत आवंटन हुआ है। इसे राष्ट्रीय राजनीति में बिहार के बढ़ते प्रभाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के लाल और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली में एक प्रतिष्ठित सरकारी आवास आवंटित किया गया है। यह आवास लुटियंस दिल्ली के वीआईपी और अत्यधिक सुरक्षित इलाके में स्थित 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर है। यह इलाका देश के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में गिना जाता है, जहां कई वरिष्ठ नेता और उच्च पदाधिकारी रहते हैं। इससे पहले यह बंगला झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो नेता शिबू सोरेन को आवंटित था।

पहले दिया गया था दूसरा बंगला

सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में नितिन नवीन को 9 सुनहरी बाग लेन स्थित बंगला देने का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि, वह आवास उन्हें उपयुक्त नहीं लगा। इसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें टाइप-8 श्रेणी का 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित बंगला आवंटित किया। यह बंगला दिल्ली के सबसे हाई-प्रोफाइल सरकारी आवासों में शामिल माना जाता है।

सरकारी नियमों के तहत हुआ आवंटन

डायरेक्टरेट ऑफ एस्टेट के नियमों के अनुसार, अगर किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल का अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री या सांसद नहीं है, तब भी उसे टाइप-8 श्रेणी का सरकारी आवास दिया जा सकता है। इसी नियम के तहत नितिन नवीन को यह बंगला दिया गया है।

हाई ग्रेड सुविधाओं से लैस है बंगला

टाइप-8 सरकारी बंगला बेहद उच्च श्रेणी का होता है। इसमें आमतौर पर 8 बड़े कमरे होते हैं, जिनमें कई बेडरूम, बड़ा ड्राइंग रूम, स्टडी रूम, आधुनिक किचन और डाइनिंग एरिया शामिल रहते हैं। इसके अलावा निजी गैराज, स्टोर रूम और स्टाफ क्वार्टर की अलग व्यवस्था भी रहती है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

इस श्रेणी के बंगले में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होते हैं और 24 घंटे सुरक्षा बल तैनात रहते हैं। मेहमानों और स्टाफ के लिए अलग एंट्री और एग्जिट गेट बनाए जाते हैं।

बिहार के बढ़ते सियासी प्रभाव का संकेत

राजनीतिक जानकार इसे राष्ट्रीय राजनीति में बिहार के बढ़ते प्रभाव के रूप में देख रहे हैं। दिल्ली के पावर कॉरिडोर में इस तरह का आवास मिलना नितिन नवीन की बढ़ती राजनीतिक भूमिका और प्रभाव को भी दर्शाता है।

Share This Article