BNT Desk: वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए आगे की राह काफी कठिन हो गई है। सीजन के 19वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को हरा दिया है। इस हार के बाद अब मुंबई के पास खुद को साबित करने का कोई मौका नहीं बचा है क्योंकि उन्होंने अपने कोटे के सभी 8 मैच खेल लिए हैं। इन 8 मैचों में मुंबई को 5 में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि सिर्फ 3 मैचों में ही उन्हें जीत मिली है। अब सवाल यह है कि क्या मुंबई अभी भी सेमीफाइनल या प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है?
मुंबई की किस्मत अब दूसरी टीमों पर निर्भर
मुंबई इंडियंस की टीम अब पूरी तरह से ‘दुआओं’ के भरोसे है। उनके खाते में फिलहाल 6 अंक हैं और पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर बनी हुई है। लेकिन उनकी किस्मत का फैसला आज होने वाले दिल्ली कैपिटल्स (DC) वर्सेस यूपी वॉरियर्स (UPW) के मैच से होगा। मुंबई के फैंस और खिलाड़ी यही उम्मीद करेंगे कि यूपी वॉरियर्स दिल्ली को हरा दें। अगर ऐसा होता है, तभी मुंबई के लिए प्लेऑफ के दरवाजे खुल सकते हैं।
नेट रन रेट बन सकता है गेम चेंजर
गणित को समझें तो अगर दिल्ली टीम यूपी से हार जाती है, तो दिल्ली, मुंबई और यूपी तीनों के पास 6-6 अंक होंगे। ऐसी स्थिति में फैसला ‘नेट रन रेट’ के आधार पर होगा। राहत की बात यह है कि मुंबई का नेट रन रेट (+0.059) दिल्ली (−0.164) और यूपी (−1.146) की तुलना में बेहतर है। इसका मतलब है कि अगर दिल्ली अपना आखिरी मैच हारती है, तो बेहतर रन रेट की वजह से मुंबई इंडियंस प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी।
RCB और गुजरात ने पक्की की अपनी जगह
दूसरी तरफ, स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 8 में से 6 मैच जीतकर सीधे फाइनल में जगह पक्की कर ली है। वहीं गुजरात जायंट्स भी क्वालीफाई कर चुकी है और वह एलिमिनेटर मैच में खेलेगी। अब बस तीसरे पायदान की तलाश है, जिसमें दिल्ली और मुंबई के बीच कड़ी टक्कर है। क्रिकेट फैंस की नजरें आज के आखिरी लीग मैच पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि मुंबई का सफर यहीं खत्म होगा या उन्हें एक और मौका मिलेगा।