BNT Desk: बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मुजफ्फरपुर–हाजीपुर एनएच-22 पर शुक्रवार तड़के करीब 4:15 बजे एक तेज रफ्तार कार घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े कंटेनर से जा टकराई। हादसा सराय टोल प्लाजा के पास हुआ, जिसमें कार सवार डॉक्टर दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चला रहा चालक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान और यात्रा का उद्देश्य
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अररिया सदर अस्पताल में कार्यरत डॉ. जितेंद्र प्रसाद (50) और उनकी पत्नी (45) के रूप में हुई है। दोनों पटना जिले के रहने वाले थे और अररिया से पटना स्थित अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और कोहरे के कारण चालक को आगे खड़े कंटेनर का अंदाजा नहीं हो सका।
टक्कर इतनी तेज कि उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सराय थाने की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल पहुंचते ही घोषित किया मृत
हाजीपुर सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद डॉक्टर दंपति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि कार में मौजूद एक पालतू कुत्ता सुरक्षित बच गया।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में सराय थानाध्यक्ष मणि भूषण कुमार ने बताया कि कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस फरार कंटेनर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।