वीडियो की आड़ में हैवानियत, कैमूर में नाबालिग के साथ 3 महीनों तक रेप

बिहार के कैमूर में एक नाबालिग से 3 महीने तक गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने वीडियो बनाकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल जब्त कर लिया है। अब स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को सजा दिलाने की तैयारी है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार के कैमूर जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ तीन महीने तक दरिंदगी की गई। आरोपियों ने पहले लड़की का आपत्तिजनक वीडियो बनाया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते रहे। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपियों समेत तीन लोगों को महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

नवंबर से चल रहा था ब्लैकमेलिंग का खेल

यह पूरा मामला चैनपुर थाना इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, दरिंदगी का यह सिलसिला पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था। शुरुआत में दो लड़कों ने नाबालिग को अपना शिकार बनाया। वारदात के दौरान एक आरोपी ने दुष्कर्म किया, जबकि दूसरे ने उसका वीडियो बना लिया। इसी वीडियो के दम पर दोनों आरोपी पिछले तीन महीनों से लड़की को अपनी हवस का शिकार बना रहे थे।

तीसरे दोस्त ने भी बनाया संबंध बनाने का दबाव

हैरानी की बात यह है कि इस घिनौने खेल में एक तीसरा लड़का भी शामिल हो गया। जब वीडियो उस तीसरे लड़के के हाथ लगा, तो उसने भी पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने परिवार को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के पिता उसे लेकर तुरंत थाने पहुंचे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल की तैयारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरिमोहन शुक्ला ने तुरंत टीम गठित की। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर छापेमारी की और गांव से ही तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने वह मोबाइल भी जब्त कर लिया है जिसमें वीडियो बनाया गया था। एसपी ने स्पष्ट किया है कि दो आरोपी बालिग हैं, जबकि तीसरे की उम्र की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में ‘स्पीडी ट्रायल’ चलाकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Share This Article