BNT Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में राज्य में एनडीए सरकार की पांचवीं पारी के दौरान हुई उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि अब बिहार में डर का माहौल नहीं है और पहले जो गड़बड़ियां थीं, उन्हें पूरी तरह ठीक किया गया है। उन्होंने मुस्लिम समाज समेत सभी वर्गों के लिए कब्रिस्तानों की सुरक्षा, मदरसों को सरकारी मान्यता और अन्य योजनाओं का हवाला दिया।
शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2006 में राज्य में सरकारी शिक्षक केवल 3 लाख 68 हजार थे, जिसे बढ़ाकर अब 5 लाख 24 हजार कर दिया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सुधार किए गए हैं और सरकारी डॉक्टरों पर निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
बुनियादी ढांचा और विकास योजनाएं
नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में पुल-पुलिया, एलिवेटेड रोड और पांच नए एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। कृषि रोड मैप के जरिए किसानों को मजबूती दी गई है। बिजली, नल-जल और सौर ऊर्जा योजनाओं पर काम तेज़ी से चल रहा है। युवाओं के लिए 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार के लक्ष्य तय किए गए हैं।
दरभंगा पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने दरभंगा के लिए कई बड़े प्रोजेक्टों का जिक्र किया। इसमें मेडिकल कॉलेज का विस्तार, AIIMS का निर्माण, एयरपोर्ट की शुरुआत और जिले में आठ बड़ी योजनाओं का कार्य शामिल है। तालाबों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण, नए उद्योग और खेल केंद्र जैसे विकास कार्य भी जारी हैं। नीतीश कुमार ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार की विकास गति और तेज होगी।