BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के जक्कनपुर थाना इलाके में स्थित ‘होटल ग्रैंड शिला’ में एक पूर्व ब्रिटिश अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो इंग्लैंड में बिजली विभाग से रिटायर होने के बाद भारत आए थे। अजय पिछले 9 दिनों से होटल के कमरा नंबर 103 में रुके हुए थे, लेकिन सोमवार सुबह उनका शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
आखिरी बार वाई-फाई के लिए किया था फोन
होटल स्टाफ के मुताबिक, रविवार को अजय किसी काम से बाहर गए थे और शाम करीब साढ़े चार बजे वापस लौटे। उन्होंने रात को खाना खाने से मना कर दिया था और सिर्फ कुछ फल मंगवाए थे। रात को आखिरी बार उन्होंने रिसेप्शन पर वाई-फाई ठीक कराने के लिए फोन किया था, जिसके बाद वह किसी को नजर नहीं आए। सोमवार सुबह जब उनका ड्राइवर उन्हें लेने पहुंचा और बार-बार बेल बजाने पर भी कमरा नहीं खुला, तब जाकर अनहोनी का शक हुआ।
की जांच और अहम सुराग
ड्राइवर की सूचना पर जक्कनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मास्टर चाबी से कमरा खोला। अंदर अजय कुमार शर्मा बेसुध पड़े थे। पुलिस ने तुरंत होटल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और एंट्री रजिस्टर की जांच की जा रही है। मृतक के सूटकेस की तलाशी लेने पर उनके परिवार की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस ने उनके रिश्तेदारों को सूचित कर दिया है। पुलिस को कमरे से भारतीय रुपयों के साथ-साथ ब्रिटिश करेंसी (पाउंड) भी मिली है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
इस मामले पर जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज कुमार का कहना है कि मौत की असली वजह अभी साफ नहीं है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच (PMCH) भेज दिया गया है। पुलिस होटल के कर्मचारियों और मालिक से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि इन 9 दिनों के दौरान उनसे मिलने कौन-कौन आया था। क्या यह कुदरती मौत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश, इसका खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।