थावे मंदिर चोरी में पुलिस को बड़ी कामयाबी: फरार चोर के घर से करोड़ों की अष्टधातु मूर्तियां बरामद

थावे दुर्गा मंदिर चोरी मामले में गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार आरोपी शरीफ साइन के घर से दो बेशकीमती अष्टधातु मूर्तियां बरामद हुई हैं। पुलिस ने आरोपी की पत्नी और मां को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर चोरी मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार आरोपी चोर शरीफ आलम उर्फ शरीफ साइन के घर पर कई घंटे तक चली छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो बेशकीमती अष्टधातु की मूर्तियां बरामद की हैं। यह मूर्तियां राम और सीता की बताई जा रही हैं, जो काफी पुरानी और एंटीक पीस हैं।

आरोपी की मां और पत्नी गिरफ्तार

इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी की 22 वर्षीय पत्नी शब्बा खातून और उसकी 47 वर्षीय मां मदीना खातून को गिरफ्तार किया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं।

थावे मंदिर चोरी की पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि 17 और 18 दिसंबर की रात चोरों ने थावे दुर्गा मंदिर का ताला तोड़कर मां दुर्गा के गले का सोने का हार, सोने का मुकुट और छतरी चुरा ली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी शरीफ साइन अभी फरार है।

करोड़ों की मूर्तियां और अन्य आपत्तिजनक सामान

पुलिस के अनुसार, बरामद एक अष्टधातु मूर्ति का वजन लगभग 3 किलो 580 ग्राम और दूसरी का 3 किलो 562 ग्राम है। सूत्रों की मानें तो इन मूर्तियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। इसके अलावा मूर्तियों के स्टैंड, एक देशी कट्टा, रेलवे ट्रैक के 10 फीट से अधिक लंबे अंश और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद हुए हैं।

जांच का दायरा बढ़ा

मूर्तियों की बरामदगी के बाद पुलिस ने अब छपरा के मंदिर से जुड़ी चोरी के मामले में भी जांच शुरू कर दी है। वहीं रेलवे ट्रैक की बरामदगी को लेकर आरपीएफ भी शरीफ साइन की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि इस गैंग से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Share This Article