समस्तीपुर जंक्शन पर पूजा-पाठ के नाम पर 20 हजार की ठगी

समस्तीपुर जंक्शन पर पूजा‑पाठ और गृहदोष का डर दिखाकर दो महिलाओं से 20 हजार रुपये ठगने वाला आरोपी लोगों द्वारा पकड़ा गया। गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई की, बाद में रेल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उजियारपुर थाना को सौंप दिया।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार के समस्तीपुर जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में उस वक्त अफरा‑तफरी मच गई, जब पूजा‑पाठ और गृहदोष दूर करने का झांसा देकर दो महिलाओं से 20 हजार रुपये की ठगी कर भाग रहे एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ते ही गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए स्टेशन परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

ठगी का शातिर तरीका

पीड़िता सुनीता कुमारी, जो समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलारी गांव की रहने वाली हैं, ने बताया कि आरोपी युवक पहले बाइक से उनके गांव पहुंचा था। उसने चंदा मांगने के बहाने घर में प्रवेश किया और परिवार की स्थिति को लेकर कुछ निजी बातें बताकर उन्हें डरा दिया। इसके बाद पूजा‑पाठ और गृहदोष दूर करने का दावा करते हुए उसने सुनीता कुमारी से 15 हजार रुपये और उनकी ननद से 5 हजार रुपये ठग लिए। पूरी रकम UPI के माध्यम से ट्रांसफर करवाई गई।

भागने की कोशिश, स्टेशन पर पकड़ा गया आरोपी

ठगी की भनक लगते ही गांव के लोग सतर्क हो गए। आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ भागने की कोशिश करते हुए समस्तीपुर जंक्शन पहुंचा, लेकिन लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। हालांकि उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। लोगों की पिटाई से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद आरपीएफ और रेल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने ठगी की रकम लेने की बात स्वीकार कर ली। पकड़े गए युवक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट निवासी सुनील कुमार देव के रूप में हुई है। रेल थानाध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उजियारपुर पुलिस को दे दी गई है और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सौंपा जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले कितने लोगों को इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है।

Share This Article