BNT Desk: रूस की राजधानी मॉस्को के पास एक स्कूल में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। ओदिंत्सोवो जिले के गोरकी-2 गांव के एक माध्यमिक स्कूल में चाकू से हुए हमले में एक 10 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हमलावर ने बच्चे का पीछा किया और स्कूल भवन के अंदर उसकी हत्या कर दी। इस हमले में एक सुरक्षा गार्ड दिमित्री पावलोव (32) सहित कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और 15 वर्षीय आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया।
नकाबपोश हमलावर: छात्रों से पूछी राष्ट्रीयता?
बताया जा रहा है कि आरोपी लड़का मास्क और हेलमेट पहने हुए था। उसके पास चाकू और मिर्च स्प्रे था। जब सुरक्षा गार्ड दिमित्री पावलोव ने बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर मिर्च स्प्रे किया और चाकू से हमला किया। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावर ने हमला करने से पहले छात्रों से उनकी राष्ट्रीयता के बारे में भी पूछा था, जिससे हमले के पीछे का मकसद और गहरा हो गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
टी-शर्ट पर था चरमपंथी संदेश
यह हमला तब और भी सनसनीखेज हो गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में आरोपी को हिरासत में लेते हुए दिखाया गया है, जिसने चरमपंथी संदेश वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी, जिस पर कथित तौर पर ‘नो लाइव्स मैटर’ लिखा था। नाबालिग होने के कारण आरोपी की पहचान गुप्त रखी गई है। घटना के बाद आरोपी ने खुद को परिसर में बंद कर लिया था, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया।
जांच जारी: क्या कोई चरमपंथी मकसद था?
रूसी अधिकारी फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। जांच एजेंसियां हमलावर की पृष्ठभूमि और संभावित चरमपंथी मकसद की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने फोन पर रिकॉर्ड किए गए हमले के दावों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। इस घटना ने पूरे इलाके में डर और गुस्सा पैदा कर दिया है।