सासाराम में 12 साल की मासूम छात्रा के साथ महापाप, दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या; इलाके में तनाव

ट्यूशन से लौट रही 12 साल की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सासाराम (नासरीगंज) में इस 'महापाप' से तनाव है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: सासाराम : बिहार के सासाराम में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ नासरीगंज थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

ट्यूशन से लौटते वक्त हुई वारदात

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की शाम बच्ची अपने छोटे भाई के साथ ट्यूशन पढ़ने गई थी। भाई की छुट्टी पहले हो जाने के कारण वह घर लौट आया, लेकिन बच्ची देर शाम करीब सात बजे अकेली घर आ रही थी। तभी रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया। आरोपियों ने उसे सुनसान इलाके में ले जाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया और अपना गुनाह छिपाने के लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। परिजनों ने किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया है।

पुलिस ने शव कब्जे में लिया, दुष्कर्म की पुष्टि

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर सासाराम सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने मेडिकल जाँच में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि की है। गले पर मिले निशानों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद ही उसकी गला दबाकर हत्या की गई। हालांकि, हत्या की वजह और समय का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गहराई से जाँच में जुट गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जाँच कर रही है। घटना के बाद से नासरीगंज थाना क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने इलाके में कैम्प कर रखा है। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।

Share This Article