मैथिली ठाकुर ने मैथिली में ली शपथ, बिहार विधानसभा में नया जोश

बिहार विधानसभा के 18वें सत्र में नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई गई। सबसे खास थी सबसे युवा विधायक मैथिली ठाकुर की शपथ, जो मैथिली भाषा में हुई। पारंपरिक साड़ी और मिथिला पाग में शपथ ग्रहण ने सदन में सभी का ध्यान आकर्षित किया और युवा प्रतिनिधित्व का संदेश दिया।

BNT
By
2 Min Read

BNT, Patna: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद 18वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत से पहले विधानसभा पोर्टिको में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का औपचारिक स्वागत किया गया। विपक्षी विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का भी स्वागत किया। सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जा रही है।

राज्यपाल द्वारा नियुक्त प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव शपथ ग्रहण की प्रक्रिया का संचालन कर रहे हैं। सबसे पहले मंत्रियों ने शपथ ली और उसके बाद क्रमशः अन्य विधायकों को शपथ दिलाई जा रही है। विधानसभा सचिव लगातार विधायकों के नाम पुकार रही हैं। सत्र का सबसे खास पल रहा मैथिली ठाकुर का शपथ ग्रहण। अलीनगर से नवनिर्वाचित विधायक बनीं मैथिली ने पारंपरिक मधुबनी पेंटिंग वाली साड़ी पहनकर सदन में प्रवेश किया और सिर पर मिथिला का पाग रखा। उन्होंने मैथिली भाषा में शपथ ली, जिसे देखकर सदन में मौजूद सभी नेताओं ने उनकी प्रशंसा की। यह बिहार विधानसभा में भाषा और संस्कृति का एक अद्भुत उदाहरण रहा।

मैथिली ठाकुर ने शपथ से पहले कहा, “आज मेरे लिए बहुत बड़ा दिन है। आज से मेरी नई यात्रा शुरू होगी। मैं अपने लोगों के लिए पूरी मेहनत करूंगी।” उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में राजद के वरिष्ठ नेता विनोद मिश्रा को हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल की और बिहार की सबसे युवा विधायक बनीं।

इस शपथ ग्रहण समारोह ने न केवल नव निर्वाचित विधायकों का स्वागत किया बल्कि युवा और सांस्कृतिक पहचान को भी उजागर किया। मैथिली की मौजूदगी और उनकी पारंपरिक प्रस्तुति ने सदन में सभी का मन मोह लिया और पहले दिन के कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Share This Article