BNT Desk: बिहार की राजनीति के चर्चित बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार सोमवार को गोपालगंज सिविल कोर्ट की एसीजेएम अदालत में पेश हुए। उनके साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी अदालत पहुंचे। दोनों ने अदालत के आदेश के तहत अपना बेल बॉन्ड दाखिल किया। इस हाई-प्रोफाइल पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ संस्कार समारोह से जुड़ा है। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस कराया गया और सार्वजनिक रूप से हथियार लहराए गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस मामले में अनंत सिंह, गुंजन सिंह समेत कुल सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।
पहले मिल चुकी है अग्रिम जमानत
गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए अनंत सिंह और गुंजन सिंह ने पहले ही अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी। सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को अग्रिम जमानत दे दी थी। सोमवार को उसी आदेश के पालन में दोनों अदालत पहुंचे और बेल बॉन्ड भरकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
कोर्ट परिसर में रही कड़ी सुरक्षा
अनंत सिंह की पेशी को लेकर गोपालगंज व्यवहार न्यायालय परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। हालांकि, अदालत की पूरी कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
मामले की सुनवाई जारी
फिलहाल यह मामला अदालत में विचाराधीन है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब इस चर्चित मामले की अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।