चैती छठ 2026: पटना में रूट डायवर्जन लागू — घर से निकलने से पहले जान लें नए रास्ते

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk:  चैती छठ पूजा को लेकर पटना में यातायात पुलिस ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 24 और 25 मार्च को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। अगर आप इन दोनों दिनों पटना में कहीं निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह खबर ज़रूर पढ़ लें।

कब से कब तक रहेगा रूट डायवर्जन?

यातायात पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था दो चरणों में लागू रहेगी —

  • 24 मार्च — दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक
  • 25 मार्च — रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक

इसके अलावा 24 मार्च सुबह 10 बजे से 25 मार्च दोपहर 12 बजे तक पटना में चल रहे निर्माण कार्य से जुड़े सभी वाहनों का परिचालन पूरी तरह वर्जित रहेगा।

अशोक राजपथ और कारगिल चौक पर पाबंदी

उक्त अवधि में कारगिल चौक से पूरब दीदारगंज तक किसी भी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ के सभी एंट्री पॉइंट बंद रहेंगे। केवल खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग के लिए छठव्रतियों के वाहनों को प्रवेश मिलेगा।

कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक छठव्रतियों के सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा।

दीघा-आशियाना रूट पर बदलाव

दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की तरफ यानी उत्तर से दक्षिण की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। इस दौरान सभी वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होते हुए नेहरू पथ से जा सकेंगे।

गायघाट की ओर जाने वाले वाहन पुरानी बाईपास अथवा न्यू बाईपास से सीधे धनकी गोड, शीतला माता मंदिर अथवा विस्कोमान गोलंबर होते हुए गायघाट पहुंचेंगे और नज़दीकी निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करेंगे।

जेपी सेतु और गंगा पथ पर प्रतिबंध

जेपी गंगा पथ का उपयोग इस दौरान पूरी तरह वर्जित रहेगा। कंगन घाट से मरीन ड्राइव पर पश्चिम की तरफ वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। रामजीचक आरओबी से किसी भी वाहन का परिचालन नहीं होगा।

जेपी सेतु पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जेपी सेतु से पटना की ओर आने वाले वाहनों को गंगा पथ पर नहीं उतरने दिया जाएगा। ये वाहन जेपी सेतु के एप्रोच पथ से दीघा थाना होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

यातायात पुलिस ने अपील की है कि 24 मार्च दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे और 25 मार्च रात 2 बजे से सुबह 9 बजे तक सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले लोग महात्मा गांधी सेतु का उपयोग करें।

घाटों पर पार्किंग और पैदल व्यवस्था

  • पाटीपुल, दीघा, शिया और मीनार घाट पर आने वाले श्रद्धालु निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल घाट तक जाएंगे।
  • जेपी सेतु पूर्वी घाट (गेट नं. 92 और 93) पर आने वाले वाहन रेलवे ब्रिज के पूरब रास्ते से उतरकर दाहिने पार्किंग में जाएंगे।
  • पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में वाहन पार्क कर श्रद्धालु पैदल घाट की ओर प्रस्थान करेंगे।
  • बिहटा से पूरब आने वाले भारी वाहन कन्हौली मोड़ से बिहटा-सरमेरा पथ होते हुए न्यू बाईपास में फतुहा ओवरब्रिज के पास पहुंचेंगे।
  • नगर बस सेवा — पटना जंक्शन से दानापुर या खगौल जाने वाली बसें कारगिल चौक पर नहीं आएंगी और गांधी मैदान गेट नं. 10 के अंदर पार्क होंगी।

यातायात पुलिस की अपील

पटना यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे छठ पर्व के इन दो दिनों में अनावश्यक यात्रा से बचें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें। पुलिस टीमें सभी प्रमुख चौराहों पर तैनात रहेंगी।

Share This Article