BNT Desk: बिहार की राजनीति में इन दिनों बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद सत्ता परिवर्तन की चर्चा तेज हो गई है। एनडीए द्वारा राज्यसभा चुनाव में सभी सीटों पर जीत के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि अब बिहार में नई सरकार का गठन होगा और नीतीश कुमार जल्द ही दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
9 अप्रैल के बाद लेंगे राज्यसभा की शपथ
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार 9 अप्रैल के बाद राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके लिए उन्हें पहले बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा। हालांकि 10 अप्रैल से पहले उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की संभावना कम बताई जा रही है।
‘समृद्धि यात्रा’ के बाद बड़ा फैसला
नीतीश कुमार फिलहाल अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ में व्यस्त हैं। यह यात्रा मार्च के अंत तक विभिन्न जिलों में पूरी होगी। माना जा रहा है कि इस यात्रा के समाप्त होने के बाद ही वे कोई बड़ा राजनीतिक निर्णय लेंगे। यानी मार्च महीने तक उनके मुख्यमंत्री बने रहने की पूरी संभावना है।
अप्रैल में बदल सकता है मुख्यमंत्री
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अप्रैल में बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल सकता है। खासकर 14 अप्रैल के बाद, जब खरमास समाप्त होगा, तब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो सकती है। परंपरागत रूप से खरमास के दौरान नए कार्य शुरू नहीं किए जाते, इसलिए इसके बाद ही सत्ता परिवर्तन की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं।
भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने के संकेत
सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बन सकती है। हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। अगर ऐसा होता है, तो कैबिनेट में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।
कैबिनेट और स्पीकर पद में बदलाव संभव
नई सरकार बनने पर मंत्रिमंडल में भाजपा और जदयू के बीच संतुलन बदल सकता है। बताया जा रहा है कि भाजपा के मंत्रियों की संख्या बढ़ सकती है, जबकि जदयू को भी अहम विभाग मिल सकते हैं। इसके अलावा विधानसभा स्पीकर पद में भी बदलाव संभव है, जो वर्तमान में भाजपा के पास है।
निशांत कुमार की एंट्री पर नजर
नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के बाद उनके पुत्र निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। पार्टी के भीतर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग उठ रही है। हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।