T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाक मैच पर संकट, बहिष्कार पर अड़ा पाकिस्तान

आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच पर संकट है। पाकिस्तान ने बहिष्कार का फैसला बरकरार रखा है। पूर्व PCB प्रमुख नजम सेठी ने BCCI पर दबाव बनाने और पाकिस्तान को किनारे करने के आरोप लगाए हैं।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार (Boycott) के अपने फैसले पर मजबूती से कायम है। इस फैसले को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी सही ठहराया है। उनका कहना है कि बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया यह फैसला काफी सोच-समझकर लिया गया है। इस बीच, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के पूर्व अध्यक्ष नजम सेठी ने बीसीसीआई (BCCI) पर कई सनसनीखेज आरोप लगाकर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।

बीसीसीआई की ‘धौंस’ और पाकिस्तान को किनारे करने की कोशिश

इंडिया टुडे से खास बातचीत में नजम सेठी ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट बोर्ड के बीच तनाव काफी पुराना है। सेठी का आरोप है कि बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर बोर्ड होने के अपने रसूख का गलत इस्तेमाल करता है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि बीसीसीआई आईसीसी (ICC) के दूसरे सदस्य देशों पर ‘धौंस’ जमाता है और लगातार पाकिस्तान को क्रिकेट की दुनिया में किनारे यानी हाशिये पर धकेलने की कोशिश करता रहा है। सेठी के मुताबिक, क्रिकेट की दुनिया में फिलहाल वही होता है जो भारत चाहता है।

क्या है ‘बिग थ्री’ और एन श्रीनिवासन का वो किस्सा?

नजम सेठी ने आईसीसी के ‘बिग थ्री’ मॉडल (जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को सबसे ज्यादा पैसा मिलता है) का जिक्र करते हुए एक पुराना वाकया साझा किया। उन्होंने बताया कि जब यह मॉडल बन रहा था, तब बीसीसीआई के तत्कालीन अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने उन पर दबाव बनाने की कोशिश की थी। सेठी के अनुसार, श्रीनिवासन ने उनसे कहा था, “आप अलग-थलग क्यों पड़ना चाहते हैं? अगर आप साथ नहीं आए तो किनारे हो जाएंगे।” हालांकि, बाद में पाकिस्तान को ज्यादा शेयर और द्विपक्षीय सीरीज का वादा देकर मनाया गया था।

होटल वाला वो ‘अपमान’ जिसे सेठी भूल नहीं पाए

सेठी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि बीसीसीआई ने पाकिस्तान के साथ सीरीज खेलने का वादा तो किया, लेकिन उसे कभी निभाया नहीं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “एक बार मैं सब कुछ फाइनल करने के लिए अक्टूबर में भारत गया था, लेकिन बीसीसीआई के अधिकारी हमसे होटल में मिलने तक नहीं आए। क्या आप सोच सकते हैं कि एक क्रिकेट बोर्ड के मुखिया के लिए इससे बड़ा अपमान और क्या होगा?” फिलहाल, सेठी को उम्मीद है कि पर्दे के पीछे चल रही बातचीत से कोई हल निकलेगा, लेकिन अभी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Share This Article