साउथ अफ्रीका के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी, 63 गेंदों में सेंचुरी

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे अंडर-19 वनडे में वैभव सूर्यवंशी ने 74 गेंदों पर 127 रन की शानदार पारी खेली। 14 वर्षीय कप्तान ने 63 गेंदों में शतक पूरा किया। भारत सीरीज में 2-0 से आगे है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे तीसरे अंडर-19 वनडे मैच में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार शतक जड़ा है। बेनोनी के विलोमूर पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में 14 साल के वैभव ने महज 63 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। उन्होंने कुल 74 गेंदों पर 127 रन की धमाकेदार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 10 छक्के और 9 चौके निकले।

ओपनिंग में बड़ी साझेदारी

वैभव सूर्यवंशी ने आरोन जॉर्ज के साथ मिलकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच 227 रन की मजबूत ओपनिंग साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने भारतीय टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया और साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

कप्तान के रूप में पहली सेंचुरी

इस सीरीज में वैभव सूर्यवंशी भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी कर रहे हैं। बतौर कप्तान भारत के लिए यह उनकी पहली सेंचुरी है। कम उम्र में कप्तानी के साथ शानदार प्रदर्शन कर वैभव ने सभी को प्रभावित किया है।

विराट कोहली के रिकॉर्ड के करीब

वैभव सूर्यवंशी अब अंडर-19 वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली से महज 5 रन पीछे हैं। वैभव ने 18 मैचों में 973 रन बनाए हैं, जबकि विराट कोहली ने 28 मैचों में 978 रन बनाए थे। वैभव का औसत 54.05 है, जो विराट के औसत से बेहतर है। इस सूची में विजय जोल, यशस्वी जायसवाल और तन्मय श्रीवास्तव शीर्ष स्थानों पर हैं।

टीम में दो बदलाव

इस मैच में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए गए हैं। दीपेश देवेंद्रन और खिलन पटेल को आराम दिया गया, जबकि उनकी जगह उद्धव मोहन और हेनिल पटेल को मौका मिला है।

पिछले मैच में भी धमाल

इससे पहले दूसरे वनडे में वैभव ने सिर्फ 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। उन्होंने 24 गेंदों में 68 रन बनाए थे, जिसमें 10 छक्के और एक चौका शामिल था। तीन मैचों की इस सीरीज में भारत 2-0 से आगे है। टीम ने पहला मैच 25 रन से और दूसरा मैच 8 विकेट से जीता था।

Share This Article