शुभमन गिल की कप्तानी के मुरीद हुए हर्षित राणा, बताया टीम इंडिया का नया 'गेम प्लान'

न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद हर्षित राणा ने शुभमन गिल की 'फ्री और अग्रेसिव' कप्तानी की तारीफ की। हर्षित ने बताया कि टीम मैनेजमेंट उन्हें एक ऑलराउंडर के रूप में तैयार कर रहा है। केएल राहुल के मार्गदर्शन में वे आठवें नंबर पर बल्लेबाजी कर टीम के लिए उपयोगी रन जोड़ना चाहते हैं।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में शानदार जीत दर्ज कर सीरीज का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है। इस जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने कप्तान शुभमन गिल की जमकर तारीफ की है। वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 301 रनों का लक्ष्य 49 ओवरों में ही हासिल कर लिया। इस मैच में जहाँ गिल ने 56 रनों की कप्तानी पारी खेली, वहीं हर्षित राणा ने अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों से महफिल लूट ली।

कैसा है कप्तान गिल का अंदाज?

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में 24 वर्षीय हर्षित राणा ने कप्तान शुभमन गिल की कार्यशैली पर खुलकर बात की। हर्षित ने कहा कि गिल एक ‘फ्री और अग्रेसिव’ कप्तान हैं। उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे किसी भी फैसले को लेकर बहुत स्पष्ट रहते हैं। हर्षित के मुताबिक, गिल मैदान पर दबाव महसूस नहीं करते और शांत रहकर फैसले लेते हैं। वे खिलाड़ियों को खुद को एक्सप्रेस करने की पूरी आजादी देते हैं, जिससे टीम का आत्मविश्वास बढ़ता है।

हर्षित राणा: टीम इंडिया का नया ऑलराउंडर

इस मैच में हर्षित ने न सिर्फ दो विकेट चटकाए, बल्कि मुश्किल समय में 23 गेंदों पर 29 रनों की बेहद अहम पारी भी खेली। इसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था। हर्षित ने बताया कि टीम मैनेजमेंट उन्हें एक प्रॉपर ऑलराउंडर के रूप में तैयार कर रहा है। मैनेजमेंट चाहता है कि वे आठवें नंबर पर आकर मैच फिनिश करने की काबिलियत रखें। हर्षित ने कहा, “मैं नेट प्रैक्टिस में अपनी बल्लेबाजी पर काफी मेहनत कर रहा हूँ और मुझे भरोसा है कि मैं टीम के लिए नीचे आकर 30-40 रन बना सकता हूँ।”

केएल राहुल ने बढ़ाया हौसला

अपनी बल्लेबाजी में आए सुधार का श्रेय हर्षित ने सीनियर खिलाड़ी केएल राहुल को दिया। उन्होंने बताया कि राहुल भाई ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में बड़ी मदद की है। भारतीय टीम अब हर्षित को एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में देख रही है जो गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में मजबूती दे सके। कप्तान की आजादी और मैनेजमेंट के भरोसे ने हर्षित को मैदान पर बेखौफ खेलने की ताकत दी है, जिसका फायदा भारतीय टीम को मिल रहा है।

Share This Article