टी20 वर्ल्ड कप: सुपर-8 में आज पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड, रोमांचक मुकाबले की उम्मीद

टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में आज पाकिस्तान और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों ने ग्रुप स्टेज में 3-3 मैच जीतकर जगह बनाई। हेड टू हेड रिकॉर्ड लगभग बराबर है, लेकिन वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान का पलड़ा भारी रहा है। मुकाबला कोलंबो में शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज का पहला मैच आज पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करने के बाद इस अहम दौर में पहुंची हैं। अब हर मैच नॉकआउट जैसा माना जा रहा है, ऐसे में जीत से शुरुआत करना दोनों टीमों के लिए बेहद जरूरी होगा।

ग्रुप स्टेज में दोनों का प्रदर्शन

ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों ने 4 में से 3-3 मैच जीते और 1-1 मुकाबला गंवाया। पाकिस्तान ने नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया को हराकर सुपर-8 में जगह बनाई। उसे सिर्फ भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। वहीं न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा को हराया। कीवी टीम को एकमात्र हार साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली। दोनों टीमों ने दबाव वाले मैचों में जीत दर्ज कर आत्मविश्वास हासिल किया है।

हेड टू हेड में कड़ी टक्कर

टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 49 टी-20 मैच खेले गए हैं। इनमें 24 मैच पाकिस्तान ने जीते हैं, जबकि 23 मुकाबलों में न्यूजीलैंड को जीत मिली है। 2 मैच बेनतीजा रहे। आंकड़े बताते हैं कि दोनों टीमों के बीच जीत-हार का अंतर बहुत कम है।

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का दबदबा

हालांकि टी-20 वर्ल्ड कप की बात करें तो यहां पाकिस्तान का पलड़ा भारी नजर आता है। टूर्नामेंट के इतिहास में दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले हुए हैं। इनमें से 5 मैच पाकिस्तान ने जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड सिर्फ 2 बार ही जीत दर्ज कर सका है। यही कारण है कि बड़े टूर्नामेंट में पाकिस्तान को मानसिक बढ़त मिल सकती है। हालांकि न्यूजीलैंड भी बड़ी टीमों के खिलाफ दमदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती है।

क्या होगा मुकाबले का रुख?

सुपर-8 के पहले ही मैच में दोनों टीमों के सामने अपनी ताकत दिखाने का मौका है। पाकिस्तान की गेंदबाजी और न्यूजीलैंड की संतुलित टीम इस मुकाबले को और भी दिलचस्प बना सकती है। क्रिकेट फैंस को एक कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।

Share This Article