BNT Desk: इटली ने टी-20 वर्ल्ड कप में इतिहास रचते हुए अपनी पहली जीत हासिल कर ली है। टीम ने नेपाल को 10 विकेट से हराया। ग्रुप-सी के इस मुकाबले में इटली ने शानदार खेल दिखाया और आसान जीत दर्ज की। इस जीत के साथ इटली टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ेगा।
नेपाल की पारी जल्दी सिमटी
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की टीम 19.3 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नेपाल की ओर से आरिफ शेख ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। इसके अलावा रोहित पौडेल ने 23 रन, आसिफ शेख ने 20 रन और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 17 रन की पारी खेली। हालांकि, कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
इटली के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
इटली के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और नेपाल को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया। क्रिशन कालुगामगे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। बेन मेनेंटी को 2 विकेट मिले। वहीं अली हसन, जेजे स्मट्स और जसप्रीत सिंह को 1-1 विकेट मिला।
मोस्का ब्रदर्स ने दिलाई आसान जीत
124 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम ने बिना कोई विकेट खोए जीत हासिल कर ली। इटली ने सिर्फ 12.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत में मोस्का ब्रदर्स का बड़ा योगदान रहा। जस्टिन मोस्का ने नाबाद 60 रन बनाए, जबकि एंथोनी मोस्का ने नाबाद 62 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर शतकीय साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई।