BNT Desk: सोशल मीडिया पर टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का एक वीडियो खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस वीडियो में बुमराह एयरपोर्ट पर एक फैन का मोबाइल फोन हाथ मारकर नीचे गिराते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, वह फैन बिना अनुमति के बुमराह के काफी करीब आकर सेल्फी वीडियो बना रहा था। बुमराह ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना, तो गुस्साए बुमराह ने उसका फोन नीचे गिरा दिया। यह घटना तब की है जब बुमराह अपनी टीम के साथ ट्रेवल कर रहे थे।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
वीडियो में दिख रहा है कि जसप्रीत बुमराह एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे हैं। तभी एक उत्साही फैन मुस्कुराते हुए उनके साथ सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करने लगता है। वह फैन वीडियो में कहता है, “आपके साथ ही जाऊंगा सर मैं।” शायद उसका मतलब था कि वह भी उसी फ्लाइट में सफर कर रहा है जिसमें बुमराह हैं। शुरुआत में बुमराह के चेहरे पर कोई गुस्सा नहीं दिखता और वह फोन के कैमरे में देखते भी हैं। बुमराह ने उसे चेतावनी दी थी, लेकिन फैन ने इसे हल्के में लिया और रिकॉर्डिंग बंद नहीं की। आखिर में बुमराह ने हाथ मारकर उसका मोबाइल सच में नीचे गिरा दिया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ यूजर्स बुमराह के इस व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं और उन्हें ‘घमंडी’ बता रहे हैं। उनका कहना है कि स्टार्स को अपने फैंस के साथ थोड़ा नरम व्यवहार करना चाहिए। वहीं, ज्यादातर लोग बुमराह का बचाव कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि सेलिब्रिटी भी आखिर इंसान हैं और उनका भी अपना ‘पर्सनल स्पेस’ होता है। बिना पूछे किसी के इतने करीब जाना और वीडियो बनाना गलत है।
साउथ अफ्रीका सीरीज और बुमराह
मैदान की बात करें तो जसप्रीत बुमराह फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं। सीरीज का तीसरा मैच उन्होंने निजी कारणों से नहीं खेला था, जबकि चौथा मैच स्मॉग की वजह से रद्द हो गया। अब सबकी नजरें 19 दिसंबर को अहमदाबाद में होने वाले पांचवें टी-20 मैच पर हैं, जहां बुमराह खेल सकते हैं। भारत फिलहाल इस सीरीज में 2-1 से आगे चल रहा है।