इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज Joe Root का जलवा, श्रीलंका के खिलाफ शतक और बड़ा रिकॉर्ड

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। एक शतक और दो अर्धशतकों की मदद से उन्होंने टीम को 2-1 से सीरीज जिताई और 12वीं बार प्लेयर ऑफ द सीरीज बनकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया।

BNT
By
4 Min Read

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट इस समय अपने करियर की सबसे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। श्रीलंका के खिलाफ खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में रूट ने अपने बल्ले से कोहराम मचाते हुए न सिर्फ इंग्लैंड को 2-1 से सीरीज जिताई, बल्कि एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। कोलंबो में खेले गए आखिरी मैच में रूट ने 111 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसकी बदौलत उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। यह उनके करियर का 12वां ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ अवॉर्ड है।

रूट की बल्लेबाजी ने श्रीलंका को किया पस्त

इस वनडे सीरीज में जो रूट को रोकना श्रीलंकाई गेंदबाजों के लिए नामुमकिन साबित हुआ। उन्होंने 3 मैचों में 123.50 की औसत से कुल 247 रन बनाए, जिसमें एक शानदार शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। सीरीज के आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड ने रूट की सेंचुरी की मदद से 357 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया और श्रीलंका को 53 रनों से रौंद दिया। 35 साल की उम्र में भी रूट की फिटनेस और रनों की भूख देखकर क्रिकेट जगत हैरान है।

 

अश्विन और क्रिस गेल की कर ली बराबरी

इस नए अवॉर्ड के साथ ही जो रूट अब दुनिया के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने सबसे ज्यादा बार सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता है। रूट ने अब भारत के आर अश्विन और वेस्टइंडीज के ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल की बराबरी कर ली है। अश्विन ने जहाँ 287 मैचों में 12 बार यह अवॉर्ड जीता है, वहीं क्रिस गेल ने 483 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। जो रूट अब तक 384 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं और जिस तरह से वो खेल रहे हैं, जल्द ही कई और दिग्गजों को पीछे छोड़ देंगे।

 

रिकॉर्ड बुक में दिग्गजों का बोलबाला

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ जीतने का वर्ल्ड रिकॉर्ड आज भी भारत के विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 559 मैचों में 22 बार यह कारनामा किया है। उनके बाद सचिन तेंदुलकर 20 अवॉर्ड्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं। बांग्लादेश के शाकिब अल हसन 17 अवॉर्ड्स के साथ तीसरे और साउथ अफ्रीका के जैक्स कैलिस 15 अवॉर्ड्स लेकर चौथे पायदान पर हैं। इनके बाद डेविड वॉर्नर और सनथ जयसूर्या के नाम 13-13 अवॉर्ड्स दर्ज हैं।

सूची में अन्य दिग्गजों की बात करें तो जो रूट, अश्विन और गेल (12 अवॉर्ड्स) के ठीक पीछे एक लंबी कतार है। इनमें साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक और शॉन पोलक, वेस्टइंडीज के शिवनारायण चंद्रपॉल, ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान रिकी पोंटिंग और श्रीलंका के जादुई स्पिनर मुथैया मुरलीधरन शामिल हैं, इन सभी दिग्गजों ने अपने करियर में 11-11 बार ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब जीता है। रूट की नज़रें अब वॉर्नर और जयसूर्या के 13 अवॉर्ड्स के रिकॉर्ड को तोड़ने पर टिकी होंगी।

Share This Article