अमेरिकी VP वेंस को यूज़र्स का तंज! पत्नी पर सवाल, ‘बच्चों को भारत कब भेज रहे?’

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रवासियों को 'अमेरिकन ड्रीम की चोरी' कहा, जिसके बाद यूज़र्स ने उन्हें घेर लिया। वेंस की पत्नी भारतीय मूल की हैं, इसलिए सोशल मीडिया पर तंज कसा जा रहा है कि वह अपनी पत्नी और बच्चों को भारत कब डिपोर्ट कर रहे हैं।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: ओहियो, अमेरिका: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने प्रवासियों (इमिग्रेंट्स) के ख़िलाफ़ सोशल मीडिया पर एक पोस्ट क्या की, बवाल मच गया। वेंस ने बड़े पैमाने पर आप्रवासन को “अमेरिकन ड्रीम की चोरी” बताया, जिसके बाद यूज़र्स ने उन्हें उनकी अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर घेरना शुरू कर दिया।

प्रवासियों के ख़िलाफ़ पोस्ट, तुरंत हुआ हंगामा

दरअसल, रविवार को उपराष्ट्रपति वेंस ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर लिखा कि बड़े पैमाने पर आप्रवासन अमेरिकी मज़दूरों के लिए नौकरियों का खतरा है और यह हमेशा से “अमेरिकन ड्रीम की चोरी” रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि जो आर्थिक अध्ययन इसके उलट कहते हैं, उनका पैसा पुरानी व्यवस्था से अरबपति बनने वालों से आता है। इस तीखी पोस्ट के तुरंत बाद ही सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई और हंगामा मच गया।

पत्नी और बच्चों की वजह से घिरे वेंस

जेडी वेंस की पत्नी उषा चिलुकुरी वेंस भारतीय मूल की हिंदू अमेरिकी हैं। भले ही उनका जन्म अमेरिका में हुआ हो, लेकिन वह एक अप्रवासी परिवार से आती हैं। यूज़र्स इसी बात को लेकर वेंस पर तंज कस रहे हैं। सवाल पूछा जा रहा है कि जिसकी अपनी पत्नी अप्रवासी परिवार से आती है, वह प्रवासियों की आलोचना किस मुंह से कर रहे हैं? कई यूज़र्स तो यह भी कह रहे हैं कि वेंस को अपनी पत्नी और अपने मिश्रित नस्ल (मिक्स्ड रेस) के बच्चों को वापस भारत भेजना चाहिए और खुद मिसाल पेश करनी चाहिए।

‘फ्लाइट टिकट बुक करें तो बताइएगा’

सोशल मीडिया पर वेंस की खूब खिंचाई हो रही है। एक यूज़र ने तंज कसते हुए लिखा, “तो इसका मतलब आपको उषा, उनके भारतीय परिवार और अपने बच्चों को भारत वापस भेजना पड़ेगा ना? जब आप उनके लिए फ्लाइट टिकट बुक करें तो हमें ज़रूर बताइएगा।” एक और यूज़र ने लिखा कि, “आपकी पत्नी और बच्चे अमेरिकी सपने को चुरा रहे हैं।” इस तरह के तंज भरे सवालों से सोशल मीडिया भरा पड़ा है, और उपराष्ट्रपति वेंस अपने ही बयान से मुश्किल में घिरते दिख रहे हैं।

Share This Article