थाईलैंड-कंबोडिया में फिर छिड़ी जंग, एयरस्ट्राइक के बाद तनाव चरम पर; किसकी सेना ज्यादा मजबूत?

सुरंग बिछाने का आरोप लगाते हुए एयरस्ट्राइक कर दी है। दोनों देशों के बीच सीमा विवाद पर तनाव चरम पर है। सैन्य तुलना में थाईलैंड की सेना कंबोडिया से कहीं अधिक शक्तिशाली है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: दक्षिण-पूर्वी एशियाई देश थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सोमवार सुबह एक बार फिर भयंकर लड़ाई शुरू हो गई है। थाईलैंड ने कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक कर दी है, जिससे सीमा पर तनाव चरम पर पहुँच गया है। थाईलैंड का आरोप है कि कंबोडिया शांति समझौते के बावजूद सीमा पर हथियार जमा कर रहा है और उसने नई बारूदी सुरंगे बिछाई हैं। दरअसल, हाल ही में एक थाई सैनिक बारूदी सुरंग की चपेट में आकर घायल हो गया था, जिसके बाद यह विवाद भड़का। हालांकि, कंबोडिया ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से दो प्राचीन शिव मंदिरों को लेकर भी क्षेत्रीय विवाद चल रहा है।

ट्रंप की कोशिशों पर पानी!

बता दें कि यह हिंसा ऐसे समय में भड़की है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कराए गए शांति समझौते के बाद दोनों देशों के बीच शांति स्थापित हो गई थी। लेकिन पुरानी दुश्मनी की आग पूरी तरह बुझी नहीं थी। एक छोटी सी घटना ने ही इस आग को फिर से भड़का दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह शांति समझौता टूट जाएगा?

सेना में कौन किस पर भारी? थाईलैंड की बड़ी ताकत

इस संघर्ष के बीच सबकी निगाहें दोनों देशों की सेना पर टिकी हैं। अगर सेना के आंकड़ों पर गौर करें तो थाईलैंड, कंबोडिया पर भारी पड़ता दिखाई देता है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, थाईलैंड का रक्षा बजट करीब 5.7 अरब डॉलर है, जबकि कंबोडिया का बजट करीब 1.3 अरब डॉलर है। सैनिकों की संख्या में भी बड़ा अंतर है। थाईलैंड के पास 3.60 लाख सक्रिय सैनिक हैं, वहीं कंबोडिया के पास करीब 1.24 लाख सैनिक हैं। इसके अलावा, थाईलैंड के पास 400 टैंक और 2600 आर्टिलरी हथियार हैं, जो कंबोडिया के 200 टैंकों और 480 आर्टिलरी गनों की तुलना में कहीं ज्यादा हैं।

वायुसेना और नौसेना में थाईलैंड सबसे आगे

वायुसेना की बात करें तो थाईलैंड की वायुसेना दक्षिण पूर्व एशिया की सबसे मजबूत वायुसेना मानी जाती है। इसके पास 46 हजार सैनिक और युद्ध के लिए 112 तैयार विमान हैं, जिनमें F-16 और ग्रिपन जेट शामिल हैं। वहीं, कंबोडिया के पास कोई फाइटर जेट नहीं है, उसके पास केवल 10 ट्रांसपोर्ट जहाज और कुछ हेलीकॉप्टरों का छोटा बेड़ा है। नौसेना में भी थाईलैंड के पास एक एयरक्राफ्ट कैरियर, 7 फ्रिगेट और 70 हजार कर्मचारी हैं, जबकि कंबोडिया के पास केवल 13 गश्ती पोत हैं। यह साफ है कि सैन्य ताकत में थाईलैंड कहीं आगे है।

Share This Article