पुतिन के घर पर हमले का बदला! रूस का यूक्रेन पर हाइपरसोनिक ‘ओरेश्निक’ से खतरनाक वार

रूस-यूक्रेन युद्ध और खतरनाक हो गया है। रूस ने पुतिन के आवास पर कथित हमले के जवाब में यूक्रेन पर हाइपरसोनिक ‘ओरेश्निक’ मिसाइल और सैकड़ों ड्रोन दागे। कीव समेत कई इलाकों में 4 लोगों की मौत और 22 से अधिक घायल हुए। ऊर्जा व गैस ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे परमाणु खतरे की आशंका बढ़ गई है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: रूस-यूक्रेन युद्ध अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुँच गया है। रूस ने दावा किया है कि उसने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर हुए कथित यूक्रेनी हमले का बदला ले लिया है। शुक्रवार को रूसी सेना ने यूक्रेन पर कहर बरपाते हुए अपनी सबसे घातक हाइपरसोनिक मिसाइल ‘ओरेश्निक’ (Oreshnik) और करीब 242 ड्रोनों से हमला किया। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इस भीषण हमले में राजधानी कीव सहित कई इलाकों में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है और 22 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

यूक्रेन के एनर्जी और गैस ठिकानों पर भारी तबाही

रूसी रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई दिसंबर में पुतिन के घर पर हुए ड्रोन हमले का करारा जवाब है। इस हमले में यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे (Energy Infrastructure) को निशाना बनाया गया, जिससे राजधानी के कई हिस्सों में बिजली और पानी की सप्लाई ठप हो गई है। रूसी मीडिया के मुताबिक, इस बार मिसाइल ने पश्चिमी यूक्रेन के लविव क्षेत्र में स्थित एक बड़े अंडरग्राउंड नेचुरल गैस स्टोरेज को अपना निशाना बनाया है। यूक्रेन ने पुष्टि की है कि रूस ने एक साथ 36 मिसाइलों और सैकड़ों ड्रोनों से हमला कर भारी नुकसान पहुँचाया है।

क्या है ‘ओरेश्निक’ मिसाइल और यह कितनी खतरनाक है?

इस पूरे हमले में सबसे ज्यादा चर्चा ‘ओरेश्निक’ मिसाइल की हो रही है। रूसी भाषा में इसका मतलब ‘हेजल्रनट का पेड़’ होता है। पहली बार रूस ने इसे नवंबर 2024 में एक यूक्रेनी फैक्ट्री पर टेस्ट किया था। पुतिन का दावा है कि इस मिसाइल की रफ्तार मैक 10 (ध्वनि की गति से 10 गुना तेज) तक पहुँच सकती है। यह मिसाइल इतनी ताकतवर है कि इसका वार परमाणु हमले जितना विनाशकारी हो सकता है और सबसे बड़ी बात यह है कि यह खुद भी परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है।

कीव में मची अफरा-तफरी, लोग दहशत में

कीव के सैन्य प्रमुख तैमूर टकाचेंको ने बताया कि रूसी हमलों ने शहर के कई जिलों को निशाना बनाया है। डेसन्यांकी जिले में एक ड्रोन बहुमंजिला इमारत की छत पर जा गिरा, वहीं एक अन्य रिहायशी इमारत की दो मंजिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि हमलों के बाद शहर की बुनियादी सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और घायलों को अस्पताल पहुँचाया जा रहा है। इस हमले ने एक बार फिर पूरी दुनिया को चिंता में डाल दिया है कि क्या यह युद्ध अब परमाणु खतरे की ओर बढ़ रहा है।

Share This Article